Motihari: भंडार में मूर्ति विसर्जन को लेकर हाई अलर्ट, 52 जगहों पर पुलिस तैनात

भंडार गांव में महायज्ञ मूर्ति विसर्जन को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है. 52 जगहों पर पुलिस और मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं. पढ़ें पूरी खबर और जानें सुरक्षा व्यवस्था कितनी सख्त की गई है…

Motihari News: पचपकरी थाना क्षेत्र के भंडार गांव स्थित रामजानकी साहू मठ में आयोजित विष्णु महायज्ञ के मूर्ति विसर्जन को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं.

कलश यात्रा के दौरान हुए विवाद को देखते हुए जिलाधिकारी सौरव जोरवाल और एसपी स्वर्ण प्रभात ने पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया है.

52 जगहों पर मजिस्ट्रेट और पुलिस बल तैनात

प्रशासन की ओर से मूर्ति विसर्जन जुलूस के दौरान कुल 52 संवेदनशील स्थलों पर मजिस्ट्रेट, पुलिस पदाधिकारी और भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है.

तेलिया मठ, साहू चौक, भंडार चौक, वारिस चौक और आंबेडकर चौक समेत प्रमुख स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी.

जुलूस की निगरानी के लिए अलग-अलग टीम गठित

जिलाधिकारी ने जुलूस की सुरक्षा व्यवस्था के लिए अलग-अलग प्रशासनिक और पुलिस टीमों की प्रतिनियुक्ति की है.

जुलूस के आगे जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक शुभम कुमार अभिनव और साइबर डीएसपी के साथ चार पुलिस पदाधिकारी तैनात रहेंगे.

जुलूस के मध्य बाईं ओर जिला कार्यक्रम पदाधिकारी गोपाल कृष्ण और पकड़ीदयाल डीएसपी कुमार चंदन के साथ पुलिस टीम मौजूद रहेगी.

वहीं जुलूस के मध्य दाईं ओर जिला सहकारिता पदाधिकारी श्रेष्ठ अनुपम सिंह और डीएसपी कुमार ऋषव सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालेंगे.

जुलूस के पीछे जिला आपूर्ति पदाधिकारी विजय बहादुर सिंह और मुख्यालय डीएसपी सुनील कुमार पुलिस बल के साथ तैनात रहेंगे.

फ्लैग मार्च निकाल शांति बनाए रखने की अपील

गुरुवार को सिकरहना डीएसपी उदय कुमार के नेतृत्व में प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस बल ने भंडार गांव में फ्लैग मार्च निकाला.

इस दौरान दोनों पक्षों से शांति व्यवस्था बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की गई.

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी तरह की गड़बड़ी फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.

पताही से राजकिशोर गिरी एवं विकास कुमार सिह की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sarfaraz Ahmad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >