बंजरिया में दो भाइयों के झगड़े में मां की मौत, आरोपी बड़ा बेटा गिरफ्तार

पूर्वी चंपारण के बंजरिया में भाइयों के बीच हुए झगड़े ने एक दिल दहला देने वाली घटना को जन्म दिया. मां को बचाने के प्रयास में 60 वर्षीय बेदामी देवी की दुखद मौत हो गई. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बड़े बेटे को गिरफ्तार कर लिया है.

Banjaria News: पूर्वी चंपारण के बंजरिया थाना क्षेत्र के नगदाहां गांव में पारिवारिक विवाद ने दर्दनाक मोड़ ले लिया. दो बेटों के बीच हो रहे झगड़े को शांत कराने पहुंची 60 वर्षीय बेदामी देवी की धक्का लगने से मौत हो गई. घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है. पुलिस ने मामले में नामजद आरोपी बड़े बेटे को गिरफ्तार कर लिया है.

मृतका की पहचान स्व. शंकर चौधरी की पत्नी बेदामी देवी के रूप में हुई है.

घरेलू विवाद के दौरान हुई घटना

जानकारी के अनुसार, रविवार को बेदामी देवी के दोनों बेटे अजय चौधरी और विजय चौधरी किसी घरेलू बात को लेकर आपस में विवाद कर रहे थे.

परिजनों के अनुसार, विवाद बढ़ने पर बेदामी देवी दोनों को शांत कराने के लिए बीच-बचाव करने पहुंचीं. इसी दौरान हाथापाई में उन्हें जोरदार धक्का लगा, जिससे वह गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं.

अस्पताल में इलाज के दौरान हुई मौत

घायल अवस्था में परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.

घटना की सूचना मिलते ही बंजरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.

छोटे बेटे के बयान पर दर्ज हुई एफआईआर

पुलिस के अनुसार, मृतका के छोटे बेटे अजय चौधरी के बयान पर बड़े भाई विजय चौधरी के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है.

बंजरिया थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी विजय चौधरी को गिरफ्तार कर लिया गया है.

पुलिस कर रही आगे की कार्रवाई

थानाध्यक्ष अमित कुमार ने कहा कि नगदाहां गांव में दो भाइयों के विवाद के दौरान मां की मौत का मामला सामने आया है. छोटे बेटे के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है.

उन्होंने बताया कि मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Rajnikhil banjriya

राज निखिल एक अनुभवी और निष्पक्ष पत्रकार हैं. उन्हें विशेष रूप से क्राइम रिपोर्टिंग और डिजिटल मीडिया में विशेष अनुभव है. वर्तमान में वह 'प्रभात खबर' से जुड़े हैं. इससे पहल वे 'न्यूज 18 लोकल', 'पब्लिक वाइल्ड डिजिटल' और 'सन्मार्ग' में सेवाएं दे चुके हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >