Raxaul News: अनुमंडल कार्यालय स्थित अनुमंडल पुलिस कार्यालय के सभागार में शनिवार को मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गयी. बैठक की अध्यक्षता सहायक पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रीतीश कुमार ने की. इसमें अनुमंडल क्षेत्र के सभी थानों के थानाध्यक्ष और पुलिस पदाधिकारी शामिल हुए. बैठक में अपराध नियंत्रण, तस्करी पर रोक और लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए.
गांजा-शराब तस्करी पर प्रभावी रोक के निर्देश
एसडीपीओ ने थानाध्यक्षों को अपराध नियंत्रण को लेकर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया. उन्होंने गांजा, शराब और अन्य मादक पदार्थों की तस्करी तथा अवैध बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने को कहा. तस्करी में शामिल लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया. नेपाल सीमा से सटे थाना क्षेत्रों में शराब तस्करी रोकने के लिए सूचना तंत्र को और मजबूत करने का निर्देश दिया गया.
लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन
बैठक के दौरान विभिन्न थानों में दर्ज मामलों की समीक्षा की गयी. एसडीपीओ ने लंबित कांडों का शीघ्र और समयबद्ध निष्पादन करने का निर्देश दिया. इसके अलावा फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी और न्यायालय से जारी वारंटों का तेजी से तामिला कराने को कहा गया.
रात में बाइक सवारों की होगी जांच
पुलिस अधिकारियों को लगातार वाहन जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया गया. बिना लाइसेंस या वैध दस्तावेज के वाहन चलाने वाले नाबालिगों के वाहन जब्त करने और उनके अभिभावकों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा गया. रात में बिना स्पष्ट कारण घूमने वाले मोटरसाइकिल चालकों की सघन जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई का निर्देश भी दिया गया.
बैंकों के सीसीटीवी की जांच के निर्देश
एसडीपीओ ने बैंकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की नियमित जांच करने और संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने को कहा. इसके साथ ही कॉमन सर्विस सेंटर यानी सीएससी की भी नियमित जांच करने का निर्देश दिया गया. जिन सीएससी में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया.
बैठक में सभी थानों के अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में रक्सौल थानाध्यक्ष रमेश कुमार महतो, हरैया थानाध्यक्ष किशन कुमार पासवान, छौड़ादानो थानाध्यक्ष प्रभात कुमार, रामगढ़वा थानाध्यक्ष संजीव मौवार, नकरदेई थानाध्यक्ष भरत कुमार, हरपुर थानाध्यक्ष प्रियंका कुमारी, दरपा थानाध्यक्ष अनीश कुमार, भेलाही थानाध्यक्ष गौरव कुमार, महुअवा थानाध्यक्ष मनोज कुमार, पलनवा थानाध्यक्ष अनिल कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें: HIV से बचाव के लिए जागरूकता अभियान तेज, जांच से दवा तक एक ही कैंप में मिल रही सुविधा
