मुफ्त इलाज आपके द्वार: जिले में स्वास्थ्य अभियान का आगाज, घर-घर जाकर होगी बीमारियों की जांच

मोतिहारी में 30 साल से अधिक उम्र के लोगों की बड़े स्तर पर स्वास्थ्य जांच होगी. जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने 2 सितंबर से विशेष स्क्रीनिंग एवं उपचार अभियान शुरू करने की तैयारी पूरी कर ली है.

मोतिहारी स्वास्थ्य जांच अभियान: जिले में गैर-संचारी रोगों समेत अन्य प्रमुख बीमारियों की पहचान और समय पर उपचार के लिए विशेष अभियान शुरू किया गया है. बुधवार को सदर अस्पताल, मोतिहारी में नगर निगम की महापौर प्रीति गुप्ता और सिविल सर्जन डॉ. दिलीप कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में "जांच एवं उपचार-चिकित्सा आपके द्वार" अभियान का शुभारंभ किया गया.

25 लाख लोगों की होगी स्क्रीनिंग

सिविल सर्जन डॉ. दिलीप कुमार ने बताया कि अभियान के तहत जिले में 30 वर्ष से अधिक उम्र के करीब 25 लाख लक्षित लोगों की स्वास्थ्य जांच की जाएगी. इसका उद्देश्य बीमारियों की शुरुआती स्तर पर पहचान कर समय पर इलाज शुरू कराना है.

अभियान के दौरान मधुमेह, उच्च रक्तचाप, सामान्य कैंसर, हृदय रोग, श्वसन एवं फेफड़ों से जुड़ी बीमारियों की जांच होगी. इसके अलावा फैटी लिवर, एनीमिया, सिफलिस समेत अन्य प्रमुख बीमारियों की भी स्क्रीनिंग की जाएगी. संभावित रोगियों की पहचान के बाद उनके उपचार और जरूरी फॉलो-अप की व्यवस्था की जाएगी.

2 सितंबर से 30 नवंबर तक चलेगा अभियान

विशेष अभियान 2 सितंबर से 30 नवंबर 2026 तक चलेगा. इस दौरान स्वास्थ्य उपकेंद्र से लेकर जिला अस्पताल तक निर्धारित स्वास्थ्य संस्थानों में स्क्रीनिंग और उपचार की सेवाएं उपलब्ध रहेंगी. लोगों को अपनी सुविधा के अनुसार नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर जांच कराने के लिए प्रेरित किया जाएगा.

आशा कार्यकर्ता घर-घर करेंगी जागरूक

अभियान को सफल बनाने में आशा कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी. जिले की सभी आशा कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्र में 30 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को स्वास्थ्य जांच के लिए जागरूक और प्रेरित करेंगी. इसके बाद उन्हें आयुष्मान आरोग्य मंदिर, अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तक लाया जाएगा.

जांच में बीमारी की आशंका मिलने पर संबंधित व्यक्ति को जरूरी उपचार उपलब्ध कराया जाएगा. जरूरत पड़ने पर बेहतर इलाज के लिए उच्चतर स्वास्थ्य संस्थान में रेफर करने में भी स्वास्थ्यकर्मी सहयोग करेंगे.

स्वास्थ्यकर्मियों की रहेगी सक्रिय भागीदारी

सिविल सर्जन ने कहा कि अभियान की सफलता के लिए जिले के सभी एएनएम, जीएनएम, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी, आयुष चिकित्सक और चिकित्सा पदाधिकारी सक्रिय रूप से काम करेंगे. उन्होंने 30 वर्ष से अधिक उम्र के सभी लोगों से अपील की कि अभियान के दौरान अपनी स्वास्थ्य जांच जरूर कराएं.

महापौर प्रीति गुप्ता ने भी जिलेवासियों से अधिक से अधिक संख्या में जांच एवं उपचार केंद्रों पर पहुंचने की अपील की. उन्होंने अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा, ताकि सभी लक्षित लोगों की स्क्रीनिंग हो सके और बीमारी मिलने पर समय पर इलाज शुरू किया जा सके.

शुभारंभ के मौके पर डीआईओ डॉ. शरतचंद्र शर्मा, डॉ. पंकज कुमार, डॉ. मुकेश कुमार, जिला कार्यक्रम समन्वयक भारत भूषण, जिला अनुश्रवण एवं मूल्यांकन पदाधिकारी अमानुल्लाह अमन, अस्पताल प्रबंधक कौशल दुबे, आशीष कुमार, एफएलसी सहित स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी और कर्मी मौजूद रहे.

यह भी पढ़ें:

“बऊआ कहीं ना मिलल…”, नेपाल बाढ़ त्रासदी में भाई को ढूंढ़ने गये वीरेंद्र खाली हाथ लौटे

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Amresh kumar singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >