Motihari Mayor Appeal: नगर निगम क्षेत्र को स्वच्छ, सुगम और विकसित बनाने के लिए निगम प्रशासन तत्परता से कम कर रहा है. महापौर प्रीति कुमारी ने शहर के आम नागरिकों से सीधे जुड़ते हुए अपील की है कि यदि उनके वार्ड में कोई भी मुख्य सड़क, गली या नाला जर्जर और क्षतिग्रस्त स्थिति में है, तो इसकी सूचना तुरंत मेयर कार्यालय को दें. जनता से मिलने वाली इस रिपोर्ट के आधार पर संबंधित विभागों को अवगत कराकर जल्द से जल्द मरम्मत और निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा.
पथ निर्माण विभाग के साथ समन्वय
महापौर प्रीति कुमारी ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न मुख्य मार्गों का निर्माण और मरम्मत कार्य पथ निर्माण विभाग के माध्यम से तेजी से कराया जा रहा है. कई महत्वपूर्ण सड़कों का काम पूरा हो चुका है और कई जगहों पर काम चल रहा है. उन्होंने कहा कि जो मुख्य सड़कें अभी भी जर्जर हैं, उनकी एक सूची तैयार कर विभाग को भेजी जाएगी ताकि प्राथमिकता के आधार पर उनका निर्माण कराया जा सके.
वार्डों में जल्द शुरू होंगे नए निर्माण कार्य
मेयर ने शहरवासियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि नगर निगम द्वारा सभी वार्डों के गली-मोहल्लों में चरणबद्ध तरीके से सड़क और नाला निर्माण का काम लगातार जारी है. वर्तमान में सभी वार्डों के लिए समान रूप से सड़क और नाले की नई योजनाओं की टेंडर प्रक्रिया अपने अंतिम चरण में है. विभागीय औपचारिकताएं पूरी होते ही धरातल पर निर्माण कार्य तेजी से शुरू करा दिया जाएगा.
विकास में नागरिकों की भागीदारी जरूरी
महापौर ने शहर के समग्र विकास और नागरिक सुविधाओं को मजबूत करने के लिए जनता के सहयोग को बेहद जरूरी बताया. उन्होंने अपील करते हुए कहा, \"आपकी एक सही सूचना आपके वार्ड की सड़क, नाली और जलजमाव की समस्या को हमेशा के लिए दूर कर सकती है. आइए, हम सब मिलकर एक स्वच्छ, सुरक्षित और विकसित मोतिहारी के निर्माण में अपनी भागीदारी निभाएं.
