Motihari: 72 घंटे में  वीडियोग्राफर लूटकांड का खुलासा, चार अपराधी गिरफ्तार

मोतिहारी के कोटवा में वीडियोग्राफर से हुई लूटकांड का पुलिस ने 72 घंटे में खुलासा कर चार अपराधियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के पास से हथियार और कैमरा बरामद हुआ. पढ़ें पूरी खबर…

Motihari News: मोतिहारी कोटवा थाना क्षेत्र के दामोदरपुर पुल के समीप वीडियोग्राफर से हुई लूट की घटना का पुलिस ने 72 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है. इस मामले में पुलिस ने चार अपराधियों को गिरफ्तार किया है.

गिरफ्तार आरोपियों के पास से लूट में इस्तेमाल की गई अपाचे बाइक, एक देशी कट्टा, जिंदा कारतूस, लूटा गया वीडियो कैमरा, मोबाइल फोन और अन्य सामान बरामद किया गया है.

शूटिंग से लौट रहे वीडियोग्राफर को बनाया था निशाना

जानकारी के अनुसार, 11 मई की रात हरसिद्धि थाना क्षेत्र के बड़ा पकड़िया निवासी वीडियोग्राफर रंजन कुमार अपने सहयोगी रंजीत कुमार और धीरेन्द्र राय के साथ संग्रामपुर थाना क्षेत्र के घुसियार गांव से वीडियो शूटिंग कर लौट रहे थे.

इसी दौरान कोटवा थाना क्षेत्र स्थित दामोदरपुर पुल के पास पांच अपराधियों ने उन्हें घेर लिया और वीडियो कैमरा, मोबाइल फोन व बाइक लूटकर फरार हो गए थे.

एसपी के निर्देश पर बनी थी विशेष टीम

घटना के बाद पीड़ित के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अरेराज एसडीपीओ रवि कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई.

पुलिस टीम ने तकनीकी अनुसंधान और लगातार छापेमारी अभियान चलाकर 72 घंटे के भीतर मामले का खुलासा कर लिया.

चार आरोपी गिरफ्तार, कई सामान बरामद

गिरफ्तार अपराधियों की पहचान हरसिद्धि थाना क्षेत्र के जगापाकड़ निवासी विशाल कुमार, बहादुरपुर निवासी सलमान आलम उर्फ सल्लू, कोटवा थाना क्षेत्र के राजापुर अहरवलिया निवासी दीपरंजन कुमार उर्फ सन्नी और जगापाकड़ निवासी रूपेश कुमार के रूप में हुई है.

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार विशाल कुमार का आपराधिक इतिहास भी रहा है. उसके खिलाफ हरसिद्धि थाना में आर्म्स एक्ट के तहत पहले से मामला दर्ज है.

फरार अपराधियों की तलाश जारी

पुलिस ने बताया कि मामले में शामिल अन्य फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.

इस कार्रवाई में एसडीपीओ रवि कुमार, हरसिद्धि थानाध्यक्ष सुनील कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक अक्षय कुमार, अविनाश कुमार, सेराज अहमद खान समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.

हरसिद्धि पूर्वी चंपारण से बृजकिशोर कुशवाहा की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sarfaraz Ahmad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >