Motihari: कोटवा में मॉडल स्कूल के लिए राजपुर मठिया विद्यालय चयनित

कोटवा में मॉडल स्कूल योजना को लेकर बड़ी पहल हुई है. राजपुर मठिया विद्यालय को चयनित कर बीडीओ ने निरीक्षण किया और आधुनिक शिक्षा व्यवस्था विकसित करने की बात कही. आखिर किन छात्रों को मिलेगा फायदा और क्या होगी खास व्यवस्था, जानें पूरी खबर…

Motihari News: कोटवा प्रखंड में बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी मॉडल स्कूल योजना को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं. इसी क्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) चिरंजीवी पाण्डेय ने जसौली पंचायत स्थित राजपुर मठिया विद्यालय का निरीक्षण किया.

निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय भवन, शैक्षणिक संसाधनों, पेयजल, शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया.

16 पंचायतों के छात्रों को मिलेगा लाभ

बीडीओ ने बताया कि प्रखंड की सभी 16 पंचायतों से मेधावी छात्र-छात्राओं का चयन किया जाएगा. चयनित विद्यार्थियों को इस मॉडल स्कूल में गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी.

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रत्येक प्रखंड में ऐसा शैक्षणिक केंद्र विकसित करना है, जहां बच्चों को बेहतर माहौल और उच्च स्तरीय शिक्षा मिल सके.

निजी स्कूलों जैसी होगी व्यवस्था

मॉडल स्कूल योजना के तहत सरकारी विद्यालयों को निजी स्कूलों की तर्ज पर विकसित करने की तैयारी है.

बीडीओ चिरंजीवी पाण्डेय ने कहा कि चयन के बाद विद्यालय में आधुनिक शिक्षा व्यवस्था, बेहतर संसाधन और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि सामान्य परिवारों के बच्चों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके.

पठन-पाठन की स्थिति पर भी हुई चर्चा

निरीक्षण के दौरान बीडीओ ने विद्यालय के शिक्षकों से छात्र उपस्थिति और पठन-पाठन की वर्तमान स्थिति की भी जानकारी ली.

इस मौके पर शिक्षा विभाग के कर्मचारी और विद्यालय के शिक्षक मौजूद रहे. मॉडल स्कूल योजना को लेकर क्षेत्र के अभिभावकों में भी उत्साह देखा जा रहा है.

पूर्वी चंपारण के कोटवा प्रखंड से शिवम कुमार की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sarfaraz Ahmad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >