मोतिहारी: 24 घंटे के भीतर सकुशल बरामद हुआ अपहृत बालक, पुलिस ने बच्चे को बचाया

पूर्वी चंपारण के छौड़ादानो में बगही गांव से अपहृत 10 वर्षीय बच्चे को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया. पुलिस आरोपी की पहचान में जुटी है. पढ़ें पूरी खबर…

मोतिहारी के छौड़ादानो से राजेश कुमार सिंह की रिपोर्ट

Motihari News: दरपा थाना पुलिस ने थाना क्षेत्र के बगही गांव से अपहृत 10 वर्षीय बालक को 24 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया है. बरामद बालक की पहचान लड्डू उर्फ रविकेश कुमार के रूप में हुई है, जो बगही गांव निवासी शंभू यादव का पुत्र है.

एनर्जी ड्रिंक का झांसा देकर ले गया युवक

मामले की जानकारी देते हुए मनीष आनंद ने बताया कि बुधवार को रविकेश बगही चौक स्थित एक बाइक मरम्मत दुकान के पास खड़ा था. इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने उसे साथ चलने पर स्ट्रिंग नामक कथित एनर्जी ड्रिंक पिलाने की बात कहकर अपनी बाइक पर बैठा लिया.

इसके बाद बच्चा घर नहीं लौटा. काफी देर तक खोजबीन के बाद भी जब उसका कोई पता नहीं चला तो परिजनों ने पुलिस को सूचना दी और अपहरण की आशंका जताई.

पुलिस ने शुरू की त्वरित कार्रवाई

सूचना मिलते ही पुलिस ने संभावित स्थानों पर बच्चे की तलाश शुरू कर दी. इसी बीच देर रात बाइक सवार युवक बच्चे को रामगढ़वा थाना क्षेत्र के भटवलिया गांव के पास उसके ननिहाल के समीप छोड़कर फरार हो गया.

गुरुवार सुबह पुलिस ने बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया.

आरोपी की तलाश जारी

पुलिस के अनुसार बच्चे को बाइक पर ले जाने वाले कथित अपहरणकर्ता की पहचान अब तक नहीं हो सकी है. मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.

बच्चे की सकुशल बरामदगी के बाद परिवार और गांव के लोगों ने राहत की सांस ली है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sarfaraz Ahmad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >