jackal attack: मोतिहारी जिले के पताही थाना क्षेत्र में सियार के काटने से एक और घायल व्यक्ति की मौत हो जाने के बाद ग्रामीणों में भारी हरकंप मच गया है। क्षेत्र में सियार के हमले से मरने वालों की यह तीसरी घटना है। इस लगातार हो रही मौतों के बाद पूरे इलाके में डर का माहौल बन गया है।
Motihari News: पदुमकेर पंचायत में सेवानिवृत्त शिक्षक की मौत
पताही थाना क्षेत्र के पदुमकेर पंचायत अंतर्गत नरायनपुर गांव में सियार के काटने से घायल सेवानिवृत शिक्षक मुरलीधर झा का निधन हो गया है। परिजनों के अनुसार, मृत शिक्षक को करीब तीन सप्ताह पहले एक सियार ने काटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। घटना के बाद से ही उनका लगातार इलाज चल रहा था, लेकिन इलाज के दौरान ही उनकी मौत हो गई। इस दुखद घटना के बाद शिक्षक के परिवार में कोहराम मच गया है।
अब तक हो चुकी हैं तीन मौतें, दहशत में ग्रामीण
थाना क्षेत्र में सियार के काटने से यह तीसरी मौत है। इससे पहले जिहुली गांव के गनी साह और नरायनपुर गांव के दीनानाथ साह की भी सियार के काटने से मौत हो चुकी है। लगातार हो रही इन घटनाओं से स्थानीय लोगों में जबरदस्त भय व्याप्त हो गया है। ग्रामीण अब अपने खेतों और खलिहानों की तरफ जाने से भी कतराने लगे हैं, जिससे उनका जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
10 जुलाई को दर्जनों लोगों को बनाया था शिकार
मालूम हो कि गत 10 जुलाई को जिहुली और नरायनपुर गांव में एक उग्र सियार ने तांडव मचाते हुए दर्जनों लोगों को काटकर घायल कर दिया था। अचानक हुए इस बड़े हमले के बाद से ही लोग दहशत में थे। पदुमकेर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि सरोज सिंह ने सेवानिवृत्त शिक्षक मुरलीधर झा की मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि उन्हें पिछले दिनों सियार ने बुरी तरह घायल कर दिया था।
प्रशासन से प्रभावी कार्रवाई की मांग
लगातार हो रही मौतों और सियार के बढ़ते आतंक से त्रस्त होकर ग्रामीणों ने अब जिला प्रशासन से त्वरित और प्रभावी कदम उठाने की जोरदार मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस आदमखोर या पागल सियार को नहीं पकड़ा गया, तो क्षेत्र में और भी बड़ी अनहोनी हो सकती है। ग्रामीण वन विभाग और स्थानीय प्रशासन से सुरक्षा की गुहार लगा रहे हैं।
