Motihari jackal attack: मोतिहारी जिले के पताही थाना क्षेत्र में एक बेहद परेशान करने वाला मामला सामने आया है. जिहुली पंचायत और पदुमकेर पंचायत के नरायनपुर गांव में सियार के काटने से घायल दो लोगों की मौत हो गई है. सियार के हमले से हुई मौतों की सूचना फैलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है. वहीं पूर्व में सियार का शिकार बने अन्य ग्रामीणों के बीच गहरा खौफ व्याप्त हो गया है.
20 दिन पहले खेत में पानी देने के दौरान हुआ था हमला
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतकों में जिहुली गांव निवासी गनी साह और पदुमकेर पंचायत के नरायनपुर गांव निवासी 62 वर्षीय दीनानाथ राउत शामिल हैं. परिजनों ने बताया कि करीब 20 दिन पूर्व दीनानाथ राउत अपने खेत में धान की फसल में पानी पटा रहे थे. इसी दौरान अचानक सियार ने उन पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से जख्मी कर दिया था. वहीं गनी साह को भी कुछ दिनों पहले सियार ने काटकर घायल कर दिया था. इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई.
यह भी पढ़ें... मोतिहारी में पुलिस का बड़ा एक्शन: बगीचे में चल रहे जुए के अड्डे पर छापा, 11 गिरफ्तार
गांव में भारी दहशत, मुखिया ने जताई गंभीर चिंता
जिहुली पंचायत के मुखिया विकास कुमार उर्फ निक्कू सिंह ने दोनों मौतों की पुष्टि करते हुए बताया कि क्षेत्र में आवारा व हिंसक सियारों का आतंक बना हुआ है. जिहुली गांव में मृत गनी साह के अलावा आधा दर्जन अन्य लोगों को भी सियार ने काटकर घायल किया था. दो लोगों की मौत के बाद अब अन्य घायलों व परिजनों में रेबीज या अन्य संक्रमण की आशंका से डर का माहौल है. स्थानीय ग्रामीणों ने वन विभाग और स्थानीय प्रशासन से आवारा व हिंसक जानवरों को पकड़ने और सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है.
