मोतिहारी में 339 किलो गांजा तस्करी का फरार आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने घर से दबोचा

मोतिहारी पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है. लंबे समय से फरार चल रहे 339 किलो गांजा के तस्कर रविश कुमार सिंह को उसके घर से गिरफ्तार किया गया है. इस गिरफ्तारी से नशा तस्करों के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है.

Crime News: मोतिहारी जिले के रक्सौल अंतर्गत हरैया थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में गांजा बरामदगी मामले में लंबे समय से फरार चल रहे कुख्यात अंतरराष्ट्रीय तस्कर रविश कुमार सिंह को धर दबोचा. आरोपी की गिरफ्तारी से सीमावर्ती इलाकों में सक्रिय नशा तस्करों के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है.

Ganja Smuggler Arrested: आजाद नगर स्थित आवास पर संयुक्त पुलिस टीम का छापा

हरैया थानाध्यक्ष किशन कुमार पासवान ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस को आरोपी के मोतिहारी नगर थाना क्षेत्र स्थित आजाद नगर, एकौना में मौजूद होने की सटीक गुप्त सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही हरैया थाना, नगर थाना और जिला आसूचना इकाई (डीआईयू) की एक संयुक्त विशेष टीम गठित की गई. टीम ने रणनीतिक तरीके से आजाद नगर स्थित उसके निजी आवास की घेराबंदी कर छापेमारी की और आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया.

कंटेनर से मिला था 339.36 किलोग्राम अवैध गांजा

थानाध्यक्ष श्री पासवान ने बताया कि हरैया थाना कांड संख्या 90/26 में एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज एक पुराने मामले की जांच के दौरान पुलिस ने एक कंटेनर वाहन से कुल 339.36 किलोग्राम गांजा बरामद किया था. इस मामले में रविश कुमार सिंह को नामजद अभियुक्त बनाया गया था. इस बड़ी जब्ती के बाद से ही आरोपी अपनी पहचान और ठिकाने बदलकर लगातार पुलिस को चकमा दे रहा था, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी.

कई थानों में दर्ज हैं आपराधिक मामले, भेजा गया जेल

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान हरसिद्धि थाना क्षेत्र के हरसिद्धि बाबू टोला निवासी नगीना सिंह के पुत्र रविश कुमार सिंह के रूप में की गई है. पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपी का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ जिले के डुमरियाघाट एवं आदापुर थाने में भी पहले से गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं. इस सफल छापेमारी अभियान में नगर थानाध्यक्ष राजीव रंजन कुमार, हरैया थानाध्यक्ष किशन कुमार पासवान, जिला आसूचना इकाई की पूजा कुमारी और निक्कु कुमार सिंह सहित दोनों थानों के कई पुलिसकर्मी शामिल रहे. पुलिस ने आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.

यह भी पढ़ें... मोतिहारी के बंजरिया में जर्जर बिजली तारों से दहशत, कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मनोज कुमार गुप्ता

मनोज कुमार गुप्ता बीते 15 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. वह प्रिंट, रेडियो और डिजिटल माध्यमों का व्यापक अनुभव रखते हैं. वर्तमान में भारत-नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्र से रिपोर्टिंग करते हुए अंतरराष्ट्रीय संबंधों, सीमा सुरक्षा और नेपाल की खबरों पर पैनी नजर रखते हैं. सामाजिक सरोकारों में गहरी रुचि के साथ वे क्षेत्र की जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने और उनके समाधान के प्रयासों के लिए जाने जाते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >