Motihari News: जनगणना 2027 के आंकड़ों में बड़ी गड़बड़ी, आबाद गांव गैर-आबाद दर्ज, अधिकारियों को सख्त निर्देश

मोतिहारी में जनगणना 2027 के डाटा संकलन में गंभीर त्रुटियां सामने आईं. आबाद गांवों को गैर-आबाद दर्शाने, परिवारों की संख्या में गड़बड़ी और स्कूल-बिजली रिपोर्ट में भी गलतियां मिलीं. जिला सांख्यिकी पदाधिकारी ने अधिकारियों को त्रुटिरहित डाटा तैयार करने के सख्त निर्देश दिए हैं.

Motihari News: मोतिहारी समाहरणालय परिसर स्थित डॉ. राधाकृष्णन भवन में जिला हस्त पुस्तिका (DCHB) निर्माण कार्य को लेकर जिले के सभी चार्ज अधिकारियों के साथ समीक्षात्मक बैठक हुई. बैठक की अध्यक्षता जिला सांख्यिकी पदाधिकारी अवधेश कुमार श्रीवास्तव ने की. इस दौरान जनगणना कार्य से जुड़े आंकड़ों की गहनता से जांच की गयी, जिसमें कई गंभीर त्रुटियां सामने आयीं.

समीक्षा के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि भारत की जनगणना 2027 के तहत जिले से जारी होने वाले आंकड़े पूरी तरह त्रुटिरहित होने चाहिए. आंकड़ों के संकलन और सत्यापन में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जानी चाहिए.

आबाद गांवों को गैर-आबाद दिखाने की गलती

डाटा जांच के दौरान सामने आया कि वर्ष 2011 में आबाद दर्ज किए गए कुछ गांवों को वर्ष 2027 के डाटा में गैर-आबाद दर्शा दिया गया है. इससे जनगणना के आंकड़ों की शुद्धता को लेकर सवाल खड़े हुए.

अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि गांवों की स्थिति दर्ज करते समय पुराने आंकड़ों और वर्तमान स्थिति का सही तरीके से मिलान किया जाए, ताकि किसी भी गांव का स्टेटस गलत दर्ज न हो.

कहीं परिवारों की संख्या शून्य, तो कहीं गलत दर्ज

समीक्षा में यह भी पाया गया कि कई आबाद गांवों में परिवारों की संख्या शून्य दर्ज कर दी गयी है. वहीं कुछ बेचिरागी यानी गैर-आबाद गांवों में परिवारों की संख्या अंकित कर दी गयी.

इसके अलावा कुछ गांवों का स्टेटस खाली छोड़ दिया गया है. जिला सांख्यिकी पदाधिकारी ने इन त्रुटियों को गंभीरता से लेते हुए आंकड़ों की दोबारा जांच और आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए.

स्कूल और बिजली की रिपोर्ट में भी गड़बड़ी

जनगणना से जुड़े डाटा में सरकारी प्री-प्राइमरी स्कूलों को लेकर भी गलत अंकन सामने आया. कई स्थानों पर नर्सरी, यूकेजी और केजी स्तर के सरकारी स्कूलों की जानकारी सही तरीके से दर्ज नहीं की गयी थी.

इसके साथ ही कुछ क्षेत्रों में पावर सप्लाई यानी बिजली आपूर्ति को शून्य दर्शाया गया है. अधिकारियों को संबंधित आंकड़ों का सत्यापन कर सही जानकारी दर्ज करने का निर्देश दिया गया.

त्रुटिरहित डाटा तैयार करने पर जोर

जिला सांख्यिकी पदाधिकारी अवधेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि जनगणना 2027 के तहत जिले के आंकड़ों में किसी भी तरह की त्रुटि नहीं रहनी चाहिए. उन्होंने डाटा संकलन और सत्यापन से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मियों को पूरी गंभीरता के साथ काम करने का निर्देश दिया.

उन्होंने स्पष्ट किया कि आंकड़ों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. सही और प्रमाणित डाटा तैयार करना सभी संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी है.

बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद

समीक्षा बैठक में निदेशालय के नोडल अधिकारी शकील अहमद, प्रधान सहायक गोपाल जी मिश्रा, अमरेश कुमार, कमलेश कुमार सिंह, वशीम परवेज, अभिजीत कुमार, कुणाल चौबे समेत कई संबंधित अधिकारी और कर्मी मौजूद रहे.


ये भी पढ़ें: मां को याद करने का अनोखा तरीका, पुण्यतिथि पर प्रधानाध्यापक ने स्कूल में ही 600 बच्चों को कराया भोज

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Intejarul Haq

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >