Motihari Encroachment Removal: नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या-20 स्थित बजाजपट्टी में सरकारी सड़क पर किए गए अतिक्रमण को हटाकर आम लोगों के लिए आवागमन बहाल कर दिया गया है. नगर निगम ने पुलिस बल की मौजूदगी में अवैध रूप से बनाई गई दीवार को ध्वस्त कर सड़क को खाली कराया.
यह कार्रवाई सहयोग पोर्टल पर मिली शिकायत के बाद नगर आयुक्त आशीष कुमार के निर्देश पर शनिवार को की गई.
शिकायत के बाद तुरंत हुई कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, बजाजपट्टी निवासी विकास कुमार उर्फ मुन्ना पर सरकारी सड़क की भूमि पर अवैध रूप से दीवार बनाकर रास्ता बाधित करने का आरोप था.
स्थानीय लोगों ने इसकी शिकायत सहयोग पोर्टल पर दर्ज कराई. शिकायत की समीक्षा के बाद नगर आयुक्त ने अतिक्रमण हटाने का तत्काल आदेश जारी किया.
भारी पुलिस बल के साथ पहुंची निगम की टीम
निर्देश मिलते ही नगर निगम की अतिक्रमण हटाओ टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची. टीम ने अवैध निर्माण को पूरी तरह हटाते हुए सड़क को अतिक्रमण मुक्त करा दिया, जिससे आम लोगों का आवागमन फिर से शुरू हो गया.
कई अधिकारी रहे मौजूद
अभियान के दौरान कर दारोगा अरुण मिश्रा, सहायक प्रफुल चंद्र, कर संग्राहक रवि रंजन कुमार, कार्यालय अमीन कृष्ण अनिकेत और निरंजन कुमार सुमन तथा दीपेंद्र कुमार मौके पर मौजूद रहे.
नगर थाना के पुलिस पदाधिकारी, पुलिस बल, नगर निगम के सुरक्षा गार्ड और स्वच्छता साथी भी पूरी कार्रवाई के दौरान तैनात रहे, जिससे अभियान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ.
लोगों ने की कार्रवाई की सराहना
सड़क से अतिक्रमण हटने के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली. नागरिकों ने नगर निगम की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि इससे लंबे समय से बाधित आवागमन फिर से सामान्य हो गया है.
