Raxaul News: भारत-नेपाल सीमा पर मानव तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान संयुक्त टीम ने एक 16 वर्षीय किशोरी को सुरक्षित बरामद किया है. टीम ने रक्सौल के मैत्री पुल के पास नेपाल जाने के दौरान संदेह के आधार पर एक युवक और किशोरी को रोका. पूछताछ के बाद मामला संदिग्ध मिलने पर युवक को पुलिस के हवाले कर दिया गया.
हरैया थाना पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
पूछताछ में दोनों के बयान नहीं मिले
एसएसबी की मानव तस्करी रोधी इकाई (AHTU), बीआईटी टीम, प्रयास जुवेनाइल एड सेंटर और स्वच्छ रक्सौल संस्था की संयुक्त टीम ने दोनों से पूछताछ की.
प्रारंभिक पूछताछ में युवक और किशोरी के बयानों में समानता नहीं मिलने पर किशोरी की काउंसलिंग कराई गई. इसके बाद सामने आया कि किशोरी पूर्वी चंपारण की रहने वाली है और उसकी उम्र करीब 16 वर्ष है.
स्नैपचैट पर हुई थी पहचान, पुलिस के अनुसार नौकरी और शादी का दिया था झांसा
किशोरी ने काउंसलिंग के दौरान बताया कि करीब एक वर्ष पहले उसकी पहचान स्नैपचैट के माध्यम से शिवम केशरी नाम के युवक से हुई थी.
पुलिस के अनुसार, बातचीत के दौरान युवक ने प्रेम संबंध और शादी का भरोसा दिलाया. आरोप है कि उसने नेपाल में नौकरी दिलाने और साथ रहने का झांसा देकर किशोरी को घर छोड़ने के लिए तैयार किया.
मोतिहारी से रक्सौल पहुंची, पहचान छिपाने के लिए बुर्का पहनने की सलाह
किशोरी के अनुसार, वह 22 जुलाई की रात बिना परिवार को बताए मोतिहारी बस स्टैंड पहुंची. वहां से युवक के साथ रक्सौल आई और दोनों काठमांडू जाने की कोशिश कर रहे थे.
पुलिस के अनुसार, पहचान छिपाने और जांच से बचने के लिए युवक ने किशोरी को बुर्का पहनने की सलाह भी दी थी.
प्राथमिकी दर्ज, आरोपी न्यायिक हिरासत में
मामले की गंभीरता को देखते हुए किशोरी को सुरक्षित संरक्षण में रखा गया, जबकि आरोपी को हरैया थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया.
थानाध्यक्ष किशन कुमार पासवान ने बताया कि कांड संख्या 104/2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. मामले की जांच जारी है.
कई एजेंसियों ने मिलकर चलाया रेस्क्यू अभियान
रेस्क्यू अभियान में 47वीं वाहिनी एसएसबी रक्सौल की एएचटीयू, बीआईटी टीम, प्रयास जुवेनाइल एड सेंटर (पूर्वी चंपारण) और स्वच्छ रक्सौल संस्था के सदस्यों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की. अभियान में हवलदार अरविंद द्विवेदी, सरना बसु, महिला सिपाही विभा कुमारी, राजन कुमारी, कामिनी, शबनम कुमारी, आरती कुमारी, अभिषेक कुमार, रणजीत सिंह और साबरा खातून सहित अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही.
