Motihari News: पूर्वी चंपारण जिले के हरसिद्धि थाना क्षेत्र के छतवनिया गांव में हुए अजय पटेल हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. जांच में सामने आया है कि प्रेम प्रसंग को लेकर युवक की हत्या की गई थी. हत्या के बाद शव को फंदे से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई.
प्रेमिका ने बुलाया, फिर हुई हत्या
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रवि कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि मठलोहियार पंचायत के छतवनिया वार्ड-7 निवासी ध्रुव पटेल के पुत्र अजय पटेल हाल ही में लुधियाना से गांव लौटा था.
पुलिस के अनुसार गांव की ही तब्बू खातून के साथ उसका प्रेम संबंध था. कुछ समय पहले दोनों का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसके बाद तब्बू खातून के परिजनों ने अजय को धमकी दी थी. डर के कारण वह गांव छोड़कर बाहर चला गया था.
पहले से रची गई थी साजिश
पुलिस जांच में सामने आया कि पूर्व नियोजित साजिश के तहत अजय को दोबारा गांव बुलाया गया. घटना की रात तब्बू खातून ने उसे अपने घर बुलाया, जहां उसका पति असलम अंसारी और एक अन्य व्यक्ति पहले से मौजूद थे.
तीनों ने मिलकर अजय के साथ मारपीट की और उसकी हत्या कर दी. इसके बाद पुलिस को गुमराह करने के लिए शव को मवेशी बांधने वाले घर में रस्सी से लटका दिया गया.
डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक जांच से खुला राज
घटना की सूचना मिलने के बाद हरसिद्धि पुलिस ने डॉग स्क्वायड, तकनीकी सेल और फॉरेंसिक टीम की मदद से जांच शुरू की. डॉग स्क्वायड सीधे आरोपी के घर तक पहुंचा, जिससे पुलिस को अहम सुराग मिले.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी जांच में भी हत्या की पुष्टि हुई. पुलिस ने घटनास्थल पर मिली रस्सी और घर में इस्तेमाल की जा रही रस्सी का मिलान किया, जिसमें समानता पाई गई.
महिला आरोपी गिरफ्तार, अन्य फरार
एसडीपीओ रवि कुमार ने बताया कि पूछताछ में तब्बू खातून ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है. उसने बताया कि घर में कपड़ा टांगने वाली रस्सी का हिस्सा काटकर शव को लटकाया गया था.
पुलिस ने महिला आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. वहीं उसके पति असलम अंसारी समेत अन्य आरोपी फरार हैं. उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
हरसिद्धि पूर्वी चंपारण से बृजकिशोर कुशवाहा की रिपोर्ट
