Motihari News: मोतिहारी. सेवा संकल्प अभियान के तहत शुक्रवार को बैरिया फुरसतपुर में विशेष विकास शिविर का आयोजन किया गया. शिविर का उद्घाटन सांसद एवं पूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री राधामोहन सिंह ने किया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, लाभार्थी, जनप्रतिनिधि तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मी मौजूद रहे. शिविर में लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों को आवेदन और लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया की जानकारी दी गयी.
16 विभागों ने लगाए अलग-अलग काउंटर
विशेष विकास शिविर में बिहार सरकार के 16 विभागों की ओर से अलग-अलग काउंटर लगाए गये. विभागीय अधिकारियों और कर्मियों ने लोगों को संबंधित योजनाओं की पात्रता, आवश्यक दस्तावेज, आवेदन प्रक्रिया और मिलने वाले लाभ की जानकारी दी. एक ही स्थान पर कई विभागों की सेवाएं उपलब्ध होने से लोगों को योजनाओं से जुड़ी जानकारी लेने में सुविधा हुई.
अंतिम पायदान तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर
सांसद राधामोहन सिंह ने कहा कि सरकारी योजनाओं की सार्थकता तभी है, जब उनका लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचे. उन्होंने कहा कि विशेष विकास शिविर सरकार और जनता के बीच सीधे संवाद का माध्यम हैं. शिविर के माध्यम से लोगों की योजनाओं से जुड़ी समस्याओं और जरूरतों की जानकारी भी ली जा रही है.
गरीब और वंचित वर्गों की योजनाओं पर दी गयी जानकारी
राधामोहन सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और बिहार सरकार की ओर से गरीब, किसान, महिला, युवा, श्रमिक और वंचित वर्गों के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं. शिविर में इन योजनाओं और सेवाओं को एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया, ताकि पात्र लोगों को आवेदन और लाभ लेने में मार्गदर्शन मिल सके.
रमा देवी को दो लाख, मंजू देवी को 50 हजार का चेक
शिविर के दौरान श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग की ओर से बिहार भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की योजनाओं के तहत लाभार्थियों को सहायता दी गयी. मृत्यु लाभ की लाभार्थी रमा देवी को दो लाख रुपये तथा विवाह सहायता की लाभार्थी मंजू देवी को 50 हजार रुपये का चेक सौंपा गया. इसके अलावा 10 श्रम कार्ड लाभार्थियों को श्रम कार्ड भी वितरित किये गये.
श्रमिकों की सामाजिक सुरक्षा को बताया महत्वपूर्ण
लाभार्थियों को चेक सौंपते हुए सांसद ने कहा कि श्रमिकों और उनके परिवारों की सामाजिक-आर्थिक सुरक्षा सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है. योजनाओं का लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचाना जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है. शिविर में मौजूद अधिकारियों ने भी लोगों को संबंधित योजनाओं की प्रक्रिया की जानकारी दी.
कार्यक्रम में बिहार राज्य मछुआरा आयोग के अध्यक्ष ललन सहनी, डिप्टी मेयर डॉ. लालबाबू प्रसाद, भाजपा नेता अखिलेश सिंह सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, लाभार्थी, जनप्रतिनिधि तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे.
ये भी पढ़ें: फूल तोड़ते-तोड़ते कुएं में गिरा व्यक्ति, पानी में डूबकर मौत
