Fire Safety Mock Drill: मोतिहारी जिले में अग्नि हादसों पर नियंत्रण पाने और आम लोगों को सतर्क करने के उद्देश्य से अग्निशमन विभाग द्वारा एक विशेष जागरूकता अभियान और मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया. यह कार्यक्रम शहर के पुलिस लाइन और रामशन प्लाजा में आयोजित हुआ. इसके माध्यम से पुलिस के जवानों, स्थानीय नागरिकों और व्यावसायिक प्रतिष्ठान के संचालकों को आग लगने पर किए जाने वाले त्वरित बचाव कार्यों की व्यावहारिक जानकारी दी गई.जिला अग्निशमन पदाधिकारी तृप्ति सिंह के निर्देश पर और सदर की अग्निशमन पदाधिकारी अंबिका कुमारी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में आग से बचाव के लिए कई अहम और जीवनरक्षक जानकारियां साझा की गईं.
मॉक ड्रिल के जरिए दिए गए त्वरित बचाव के गुर
कार्यक्रम के दौरान अग्निशमन कर्मियों ने जीवंत मॉक ड्रिल के जरिए उपस्थित लोगों को दिखाया कि एलपीजी सिलेंडर, बिजली के शॉर्ट सर्किट या अन्य कारणों से लगी आग पर शुरुआत में कैसे काबू पाया जा सकता है. इसके साथ ही लोगों को फायर एक्स्टिंग्विशर (अग्निशामक यंत्र) चलाने का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया, ताकि आपातकालीन स्थिति में वे बिना घबराए सही और त्वरित कदम उठा सकें.
सुरक्षा मापदंडों का कड़ाई से पालन करने की सलाह
विभाग के अधिकारियों ने उपस्थित लोगों को अग्नि सुरक्षा के कड़े मापदंडों की विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने स्पष्ट किया कि थोड़ी सी लापरवाही भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है. व्यावसायिक और बहुमंजिला इमारतों के संचालकों को विशेष रूप से सचेत करते हुए सभी सुरक्षा मानकों को अनिवार्य रूप से पूरा करने की सख्त हिदायत दी गई.
अग्निशामक यंत्र लगाने के दिए गए सख्त निर्देश
मॉक ड्रिल के दौरान सभी प्रतिष्ठानों और इमारतों में अग्निशमन यंत्र लगाने के सख्त निर्देश जारी किए गए, ताकि किसी भी अनहोनी को शुरुआती स्तर पर ही रोका जा सके.इस जागरूकता कार्यक्रम के मौके पर विभाग के कर्मी मनोज चौधरी, सुनील कुमार, सूरज कुमार, सुंदर कुमार, पंकज कुमार, रविशंकर और आमोद कुमार सहित कई अन्य लोग प्रमुख रूप से मौजूद थे.
