मोतिहारी में फर्जी नियुक्ति पत्र देकर 25 लाख ठगने वाले गिरोह का मास्टरमाइंड गिरफ्तार

मोतिहारी में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर बेरोजगार युवाओं से 25 लाख रुपये की ठगी करने वाले बड़े अंतरजिला फर्जीवाड़े का भंडाफोड़ हुआ है। पुलिस ने गिरोह के मास्टरमाइंड के मुख्य सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया है।

Fake Appointment Letter: मोतिहारी जिले में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर बेरोजगार युवाओं से लाखों रुपये ऐंठने वाले एक बड़े अंतरजिला फर्जीवाड़े का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है. जिले की छतौनी थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भोले-भाले अभ्यर्थियों को जाली नियुक्ति पत्र थमाकर करीब 25 लाख रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के मास्टरमाइंड के मुख्य सहयोगी मो. असदुल्लाह को धर दबोचा है. पुलिस की इस सफल कार्रवाई से फर्जीवाड़ा करने वाले गिरोह में हड़कंप मचा हुआ है और अन्य पीड़ितों के भी सामने आने की उम्मीद है.

Job Fraud: कागजात दिखाकर पक्का करते थे पीड़ितों का भरोसा

पुलिस अनुसंधान में यह चौंकाने वाला तथ्य उजागर हुआ है कि यह गिरोह बेहद शातिराना अंदाज में काम करता था. अभ्यर्थियों और उनके परिजनों का भरोसा जीतने के लिए आरोपी न केवल हूबहू असली दिखने वाले जाली नियुक्ति पत्र थमाते थे, बल्कि बकायदा सर्विस बुक और विभागीय पहचान पत्रों की सत्यापित प्रतियां भी उपलब्ध कराते थे. इन आधिकारिक दस्तावेजों को देखकर पीड़ितों को जरा भी संदेह नहीं होता था कि उनके साथ कोई ठगी हो रही है. खुदानगर निवासी शबनम खातून की लिखित शिकायत पर छतौनी थाने में कांड संख्या 495/26 के तहत नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई थी.

बेतिया तक फैला जाल, पूरे नेटवर्क की जांच

पुलिस की प्राथमिक जांच से स्पष्ट हुआ है कि यह मामला केवल एक-दो लोगों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक बड़ा संगठित रैकेट है. गिरोह के सदस्यों ने विभिन्न विभागों में बहाली का झांसा देकर दर्जनों लोगों से भारी रकम वसूली है. पुलिस को मिली खुफिया जानकारी के मुताबिक पड़ोसी जिले बेतिया के भी कई अभ्यर्थी इस ठगी के जाल में फंस चुके हैं. अब पुलिस की विशेष टीम सभी संभावित पीड़ितों, फर्जीवाड़े की कुल धनराशि और बैंक खातों में हुए वित्तीय लेन-देन के पूरे ब्योरे को बारीकी से खंगालने में जुटी है.

फेनहारा में छिपा था आरोपी, पुलिस ने दबोचा

जांच के क्रम में छतौनी पुलिस को तकनीकी इनपुट मिले कि नामजद आरोपी मो. असदुल्लाह फेनहारा थाना क्षेत्र में छिपा हुआ है. इसके बाद छतौनी पुलिस ने फेनहारा पुलिस के साथ मिलकर संयुक्त छापेमारी की और उसे दबोच लिया. इस छापेमारी अभियान में छतौनी थानाध्यक्ष अमित कुमार सिंह, अपर थानाध्यक्ष अभिनव राज, पुलिस अवर निरीक्षक मिथिलेश राम और पुलिस अवर निरीक्षक अंशु कुमार शामिल रहे. पुलिस अब गिरोह के मुख्य सरगना, जाली मुहर व दस्तावेज छापने वाले प्रिंटिंग नेटवर्क और अवैध कमाई के बंटवारे की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है.

यह भी पढ़ें... शराब लदी कार ने सड़क किनारे खड़े तीन लोगों को रौंदा, कार छोड़कर तस्कर फरार

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Amresh kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >