हेटौंडा से काठमांडू जा रही इलेक्ट्रिक कार खाई में गिरी,  चार यात्रियों की दर्दनाक मौत

नेपाल के मकवानपुर जिले में यात्रियों से भरी एक इलेक्ट्रिक कार अनियंत्रित होकर 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी. इस भीषण हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हैं. स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया.

Nepal Road Accident: नेपाल के मकवानपुर जिले में मंगलवार दोपहर एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा घटित हुआ. जिले के इन्द्रसरोवर गांवपालिका–2 स्थित सल्ले सुकौरा के समीप यात्रियों से भरी एक इलेक्ट्रिक माइक्रो (EV) गाड़ी अनियंत्रित होकर मुख्य सड़क से करीब 500 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी. यह भीषण दुर्घटना महालक्ष्मी नदी के दुर्गम पथरीले इलाके में हुई. टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और चार यात्रियों की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई. हादसे की जोरदार आवाज और चीख-पुकार सुनकर आसपास के स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया.

EV Car Accident: हेटौंडा से काठमांडू की ओर जा रही थी इलेक्ट्रिक माइक्रो

पुलिस कार्यालय भीमफेदी से प्राप्त आधिकारिक जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त इलेक्ट्रिक माइक्रो वाहन कुल आठ लोगों को लेकर हेटौंडा से राजधानी काठमांडू की ओर रवाना हुआ था. दोपहर करीब दो बजे जैसे ही वाहन इन्द्रसरोवर गांवपालिका के सल्ले सुकौरा क्षेत्र में पहुंचा, चालक ने अचानक मोड़ पर अपना संतुलन खो दिया. संकरी पहाड़ी सड़क होने के कारण वाहन सीधे 500 मीटर गहरी खाई में लुढ़कता हुआ महालक्ष्मी नदी के किनारे जा गिरा. हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, ट्रैफिक पुलिस और आपदा राहत दल की टीमें तुरंत मौके के लिए रवाना हुईं.

दो मृतकों की हुई पहचान, दो शवों की शिनाख्त बाकी

गहरी और दुर्गम खाई से पुलिस और स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद चार शवों को बाहर निकाला. दुर्घटना में जान गंवाने वाले चार मृतकों में से दो की पहचान कर ली गई है. इनमें धनुषा जिले के धनुषाधाम नगरपालिका–4 निवासी सुरज भट्टराई तथा नवलपरासी जिले के कावासोती नगरपालिका–1 निवासी नरबहादुर ठकुरी शामिल हैं. हादसे में मृत अन्य दो व्यक्तियों के शवों की शिनाख्त की प्रक्रिया पुलिस द्वारा की जा रही है. सभी शवों को कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है.

चार घायलों का रेस्क्यू, काठमांडू और हेटौंडा रेफर

राहत एवं बचाव दल ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन में फंसे अन्य चार यात्रियों को गंभीर हालत में सुरक्षित बाहर निकाला. प्राथमिक उपचार के बाद एक घायल को बेहतर इलाज के लिए हेटौंडा अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि तीन अन्य गंभीर घायलों को विशेष चिकित्सा सुविधा के लिए राजधानी काठमांडू भेजा गया है. जिला ट्रैफिक पुलिस कार्यालय मकवानपुर के प्रमुख रमेश बिष्ट ने बताया कि घटनास्थल पर पुलिस और ट्रैफिक पुलिस की टीमें लगातार मुस्तैद हैं. पुलिस दुर्घटना के तकनीकी कारणों और वाहन की गति की गहन जांच में जुटी है.

यह भी पढ़ें... शराब लदी कार ने सड़क किनारे खड़े तीन लोगों को रौंदा, कार छोड़कर तस्कर फरार

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मनोज कुमार गुप्ता

मनोज कुमार गुप्ता बीते 15 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. वह प्रिंट, रेडियो और डिजिटल माध्यमों का व्यापक अनुभव रखते हैं. वर्तमान में भारत-नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्र से रिपोर्टिंग करते हुए अंतरराष्ट्रीय संबंधों, सीमा सुरक्षा और नेपाल की खबरों पर पैनी नजर रखते हैं. सामाजिक सरोकारों में गहरी रुचि के साथ वे क्षेत्र की जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने और उनके समाधान के प्रयासों के लिए जाने जाते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >