बिजली मरम्मत के दौरान 11 हजार वोल्ट करंट की चपेट में आया मिस्त्री, पोल से गिरकर गंभीर घायल

मोतिहारी के खोड़ीपाकड़ ताकया के पास बिजली मरम्मत के दौरान एक बड़ा हादसा हुआ. 11 हजार वोल्ट की हाई वोल्टेज लाइन की चपेट में आने से मिस्त्री गंभीर रूप से घायल हो गया. विभाग मामले की समीक्षा कर रहा है.

Motihari News: हरसिद्धि प्रखंड के चढ़रहिया पंचायत स्थित खोड़ीपाकड़ ताकया के समीप बिजली मरम्मत के दौरान रविवार को बड़ा हादसा हो गया. 11 हजार वोल्ट की हाई वोल्टेज लाइन की चपेट में आने से बिजली विभाग में मानवबल के रूप में कार्यरत एक मिस्त्री गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल युवक का इलाज अस्पताल में चल रहा है.

घायल की पहचान गड्डूपुर निवासी अनूप कुमार के रूप में हुई है. बताया जाता है कि वह मटियरिया कृषि फीडर में आई खराबी को ठीक करने के लिए बिजली विभाग की टीम के साथ मौके पर पहुंचा था.

बिजली बंद कराए बिना पोल पर चढ़ने से हुआ हादसा

स्थानीय लोगों के अनुसार मरम्मत कार्य के दौरान पावर हाउस से बिजली आपूर्ति बंद कराए बिना ही अनूप कुमार 11 हजार वोल्ट के पोल पर चढ़ गया. इसी दौरान वह हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आ गया और झुलसकर नीचे गिर पड़ा.

घटना के बाद मौके पर मौजूद अन्य बिजली कर्मियों में अफरा-तफरी मच गई. आनन-फानन में घायल को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है.

विभाग ने शुरू की मामले की समीक्षा

बिजली विभाग के कनीय अभियंता ने बताया कि घायल मानवबल का इलाज चल रहा है और उसकी स्थिति अब खतरे से बाहर है. उन्होंने कहा कि पूरे मामले की विभागीय स्तर पर समीक्षा की जा रही है.

सुरक्षा मानकों पर उठे सवाल

घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है. लोगों ने बिजली मरम्मत कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >