Independence Day 2026: पूर्वी चंपारण में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां तेज हो गयी हैं. शहर से लेकर गांवों तक 15 अगस्त को लेकर उत्साह का माहौल बनने लगा है. जिला प्रशासन ने मुख्य समारोह समेत विभिन्न स्थानों पर होने वाले झंडोत्तोलन का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम जारी कर दिया है. मुख्य समारोह ऐतिहासिक गांधी मैदान में होगा, जहां बिहार सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री सह पूर्वी चंपारण के प्रभारी मंत्री श्रवण कुमार सुबह 9 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे. इसके बाद वे जिलेवासियों को संबोधित करेंगे और सरकार की योजनाओं व उपलब्धियों की जानकारी देंगे.
गांधी और अंबेडकर की प्रतिमा पर होगा माल्यार्पण
स्वतंत्रता दिवस समारोह की शुरुआत महात्मा गांधी और संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण से होगी. गांधी मैदान स्थित गांधी उद्यान में सुबह 7:50 बजे राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा. इसके पांच मिनट बाद 7:55 बजे बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी.
जिला प्रशासन ने समारोह में जिले के विशिष्ट लोगों के साथ आम नागरिकों को भी आमंत्रित किया है. डीएम सौरभ सुमन यादव ने अधिकारियों को सभी तैयारियां समय पर पूरी करने और उन्हें सौंपे गये दायित्वों का निर्धारित समय पर निर्वहन करने का निर्देश दिया है.
प्रभारी मंत्री के संबोधन की तैयारी शुरू
मुख्य समारोह में प्रभारी मंत्री श्रवण कुमार जिलेवासियों को संबोधित करेंगे. उनके भाषण का प्रारूप उप विकास आयुक्त के मार्गदर्शन में तैयार किया जा रहा है. माना जा रहा है कि संबोधन में जिले में चल रही विकास योजनाओं, सरकारी कार्यक्रमों और जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी जानकारी साझा की जाएगी.
गांधी मैदान में 9 बजे होगा झंडोत्तोलन
जिला प्रशासन की ओर से जारी मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम के अनुसार सुबह 9 बजे गांधी मैदान में मुख्य झंडोत्तोलन होगा. इसके बाद लगातार अलग-अलग सरकारी कार्यालयों और संस्थानों में ध्वजारोहण का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है.
यहां देखें पूरा मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम
- सुबह 9:00 बजे: गांधी मैदान
- सुबह 9:45 बजे: समाहरणालय परिसर
- सुबह 9:50 बजे: अनुमंडल कार्यालय, सदर
- सुबह 10:05 बजे: नगर निगम कार्यालय
- सुबह 10:15 बजे: गांधी संग्रहालय
- सुबह 10:25 बजे: जिला परिषद
- सुबह 10:35 बजे: पुलिस अधीक्षक कार्यालय
- सुबह 10:40 बजे: पुलिस केंद्र, मोतिहारी
- सुबह 11:05 बजे: महादलित टोला
जिला प्रशासन ने स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय पर्व को गरिमापूर्ण और व्यवस्थित तरीके से आयोजित करने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंप दी हैं. प्रशासन की ओर से आम लोगों से भी समारोह में उत्साहपूर्वक भाग लेने की अपील की गयी है.
यह भी पढे़ं: Bihar School: सरकारी स्कूलों में गूंजेंगे लोकगीत, दिखेगा अभिनय का हुनर; जानें पूरी डिटेल
