पूर्वी चंपारण में उच्च शिक्षा की नई क्रांति, 15 जुलाई से शुरू होंगे 15 नए डिग्री कॉलेज

पूर्वी चंपारण जिले में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ा कदम उठाया गया है. 15 जुलाई से 15 नए डिग्री कॉलेज शुरू होने जा रहे हैं, जिनमें 6 मुख्य विषयों की पढ़ाई कराई जाएगी. जिलाधिकारी ने सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को जल्द पूरा करने का निर्देश दिया है.

Motihari Degree Colleges: पूर्वी चंपारण जिले के छात्र-छात्राओं के लिए उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ा और ऐतिहासिक कदम उठाया जा रहा है. जिले के 15 अलग-अलग प्रखंडों में आगामी 15 जुलाई से 15 नए डिग्री कॉलेजों का औपचारिक शुभारंभ होने जा रहा है. जिलाधिकारी सौरव सुमन यादव ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना को लेकर बेहद कड़ा रुख अपनाया है. डीएम ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक करते हुए सभी संबंधित विभागों को हर हाल में अगले दो दिनों के भीतर सभी तरह के सिविल कार्यों को पूर्ण करने का सख्त निर्देश जारी किया है.

बिजली, शौचालय और पेयजल की व्यवस्था दुरुस्त करने का अल्टीमेटम

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए आयोजित इस उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में उप विकास आयुक्त, जिला शिक्षा पदाधिकारी, भवन निर्माण, पीएचईडी और विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंताओं के साथ-साथ सभी नव-चिन्हित डिग्री कॉलेजों के प्राचार्य उपस्थित थे. जिलाधिकारी ने भवन प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता को निर्देश दिया कि चिन्हित कमरों का रंग-रोगन, बिजली की मुकम्मल व्यवस्था, छात्र-छात्राओं के लिए शौचालय और शुद्ध पेयजल की व्यवस्था हर हाल में सुनिश्चित कराई जाए. पीएचईडी और बिजली विभाग को दो दिनों में कार्य पूर्णता प्रमाण पत्र (सर्टिफिकेट) सौंपने को कहा गया है.

शुरुआत में होगी 6 मुख्य विषयों की पढ़ाई, अधिकांश सिविल वर्क पूरा

समीक्षा के दौरान पाया गया कि अधिकांश चिन्हित स्थानों पर सिविल वर्क पहले ही पूरा किया जा चुका है. जहां थोड़ा-बहुत काम बाकी है, वहां रविवार से प्रतिदिन शाम को प्रगति की समीक्षा की जाएगी. बैठक में डिग्री कॉलेजों के प्राचार्यों ने बताया कि इन नए कॉलेजों में शुरुआती सत्र में कुल 06 विषयों की पढ़ाई कराई जाएगी, जिसमें हिंदी, अंग्रेजी, इतिहास, राजनीति शास्त्र, अर्थशास्त्र एवं समाजशास्त्र शामिल हैं. यह पूरी योजना राज्य सरकार के 'सात निश्चय पार्ट-2' के चतुर्थ निश्चय "उन्नत शिक्षा-उज्जवल भविष्य" के अंतर्गत क्रियान्वित की जा रही है.

इन 15 प्रखंडों के चिन्हित स्कूलों में स्थापित हो रहे हैं नए डिग्री कॉलेज

जिले के जिन 15 प्रखंडों में इन कॉलेजों की स्थापना हो रही है, उनमें संग्रामपुर (मंगलापुर उच्च विद्यालय), मेहसी (कटहा विद्यालय), बंजरिया (कुकुरजरी विद्यालय), पिपराकोठी (सूरजपुर कॉलोनी), सुगौली (शुक्ल पाकड़), तुरकौलिया (जयसिंहपुर), तेतरिया (माधूआहा मॉल), पताही (सिंहेश्वर सेमिनरी), फेनहारा (बिशुनपुर बसंत), रामगढ़वा (सिसवनिया), आदापुर (भवनगरी), छौड़ादानो (जीतपुर बिशुनपुरवा), बनकटवा (मठिया भोपत), पकड़ीदयाल (बड़कागांव) और चिरैया प्रखंड का परेवा विद्यालय शामिल हैं.

ये भी पढ़ें: पीएम मोदी को राममंदिर की कलाकृति भेंट करने वाले अनुराग ने अब बनाई बाबा बर्फानी की मूरत, क्षेत्र में चर्चा



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >