Motihari Sadar Hospital: मोतिहारी सदर अस्पताल स्थित स्किल लैब में चिकित्सा पदाधिकारियों एवं डीएनबी छात्रों के लिए एक दिवसीय वैक्सीन प्रिवेंटेबल डिजीज (वीपीडी) कार्यशाला का आयोजन किया गया. इस तकनीकी प्रशिक्षण सत्र का मुख्य उद्देश्य स्वास्थ्य कर्मियों को वैक्सीन से रोकी जा सकने वाली घातक बीमारियों की पहचान और टीकाकरण प्रबंधन में दक्ष बनाना था. प्रशिक्षण कार्यक्रम में मुख्य प्रशिक्षक के रूप में विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के जिला सर्विलेंस मेडिकल ऑफिसर डॉ. मनोज तुमराडा मौजूद रहे, जिन्होंने उपस्थित सभी चिकित्सकों को विस्तार से प्रशिक्षित किया.
Motihari News: नियमित टीकाकरण और त्वरित सूचना प्रणाली
कार्यशाला को संबोधित करते हुए डब्ल्यूएचओ के जिला सर्विलेंस मेडिकल ऑफिसर डॉ. मनोज तुमराडा ने कहा कि नवजात शिशुओं, बच्चों और गर्भवती महिलाओं को कई जानलेवा बीमारियों से बचाने के लिए सरकार द्वारा नियमित टीकाकरण की सुविधा प्रदान की जाती है. उन्होंने चिकित्सकों को निर्देशित किया कि यदि क्षेत्र में किसी भी टीके से रोकी जा सकने वाली बीमारी का संदिग्ध लक्षण दिखाई दे, तो इसकी सूचना तुरंत उच्च स्तर पर भेजी जानी चाहिए ताकि समय रहते मामले का समुचित अनुसंधान व रोकथाम की जा सके.
अस्पताल में पुख्ता व्यवस्था, अंधविश्वास से दूर रहने की सलाह
कार्यक्रम में मौजूद सदर अस्पताल प्रबंधक कौशल किशोर दुबे ने स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता पर प्रकाश डाला. उन्होंने स्पष्ट किया कि सदर अस्पताल में बच्चों के संपूर्ण उपचार और उनके नियमित टीकाकरण की बेहतर और आधुनिक व्यवस्था 24 घंटे उपलब्ध है. उन्होंने आम जनता से अपील की कि बच्चों के बीमार होने पर किसी भी प्रकार के अंधविश्वास या झाड़-फूंक के चक्कर में न पड़ें और तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या सदर अस्पताल में योग्य डॉक्टरों से परामर्श लें.
स्वास्थ्य कर्मियों को सक्रिय भागीदारी का निर्देश
कार्यशाला में डीएनबी के डॉ. अमृतांशु ने सभी उपस्थित चिकित्सकों, जीएनएम और एएनएम से इस अभियान को जमीनी स्तर पर सफल बनाने के लिए पूरी तत्परता और संवेदनशीलता से कार्य करने का आग्रह किया. उन्होंने कहा कि जमीनी स्वास्थ्य कर्मियों की सतर्कता से ही शत-प्रतिशत टीकाकरण का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है. इस महत्वपूर्ण आयोजन के अवसर पर नरोत्तम कुमार, संजय कुमार सहित कई वरिष्ठ स्वास्थ्य कर्मी और प्रशिक्षु चिकित्सक मुख्य रूप से उपस्थित रहे.
यह भी पढ़ें... मोतिहारी में सड़क के जलभराव वाले गड्ढे में बैठकर युवाओं का अनोखा प्रदर्शन, घंटों लगा रहा लंबा जाम
