Motihari Crime News: ढाका. सिकरहना अनुमंडल के ढाका, कुंडवा चैनपुर और चिरैया थाना क्षेत्र में पिछले दिनों हुए पांच डकैती कांडों का पुलिस ने सफल उद्भेदन करने का दावा किया है. पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों के पास से 15 लाख 50 हजार रुपये नकद, एक पिस्टल, चार जिंदा कारतूस, 2 किलो 107 ग्राम चरस, दरवाजा तोड़ने वाला दो रॉड, पांच मोबाइल, 300 ग्राम चांदी के गहने और एक बाइक बरामद की गयी है.
पांच डकैती कांडों से जुड़े चार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सीतामढ़ी जिले के बथनाहा थाना क्षेत्र के भलही निवासी सफीक मंसूरी उर्फ बंठा, हरपुर भालहा निवासी शंभु पासवान, बेला थाना क्षेत्र के बेतहा निवासी तनवीर शेख और परिहार थाना क्षेत्र के परिहार निवासी अमरनाथ ठाकुर के रूप में हुई है.
पुलिस का कहना है कि चारों अलग-अलग डकैती और चोरी की घटनाओं से जुड़े रहे हैं. उनकी गिरफ्तारी के बाद पांच कांडों के उद्भेदन में महत्वपूर्ण जानकारी मिली है.
15.50 लाख कैश से पिस्टल तक बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से भारी मात्रा में नकदी और अन्य सामान बरामद किया. इसमें 15 लाख 50 हजार रुपये नकद, एक अत्याधुनिक पिस्टल और चार जिंदा कारतूस शामिल हैं.
इसके अलावा 2 किलो 107 ग्राम चरस, दो दरवाजा तोड़ने वाले रॉड, पांच मोबाइल, 300 ग्राम चांदी के आभूषण और एक बाइक भी बरामद की गयी है. पुलिस बरामद सामान के स्रोत और इस्तेमाल की भी जांच कर रही है.
सफीक मंसूरी को पुलिस ने बताया गैंग सरगना
एसडीपीओ अभिषेक कुमार ने गुरुवार की शाम ढाका थाना में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि सफीक मंसूरी पर डकैती, चोरी, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट से जुड़े कुल 10 मामले विभिन्न थानों में दर्ज हैं.
तनवीर शेख पर डकैती, चोरी और गृहभेदन के 11 मामले, शंभु पासवान पर चोरी और डकैती के चार मामले तथा अमरनाथ ठाकुर पर डकैती और चोरी से जुड़े पांच मामले दर्ज हैं. एसडीपीओ ने सफीक मंसूरी को डकैती गैंग का सरगना बताया.
सीतामढ़ी से ट्रेन पकड़कर आते थे आरोपी
एसडीपीओ के अनुसार, आरोपी शाम में ट्रेन पकड़कर सीतामढ़ी से इस इलाके में आते थे और वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो जाते थे. पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस के समक्ष डकैती की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार करने की बात बतायी गयी है.
उन्होंने घटना में शामिल कुछ अन्य साथियों और स्थानीय लाइनर के नामों का भी खुलासा किया है.
फरार साथियों और लाइनर की तलाश में छापेमारी
गिरफ्तार आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और स्थानीय लाइनर की तलाश कर रही है. पुलिस की ओर से संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है.
जांच के दौरान डकैती की अन्य घटनाओं और गिरोह के नेटवर्क के बारे में भी जानकारी जुटायी जा रही है.
दो पूर्व थानाध्यक्षों की भूमिका भी अहम
एसडीपीओ अभिषेक कुमार ने बताया कि डकैती कांडों के उद्भेदन में चिरैया के पूर्व थानाध्यक्ष अम्बेश कुमार और कुंडवा चैनपुर के पूर्व थानाध्यक्ष राहुल कुमार का उल्लेखनीय योगदान रहा.
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और बरामद सामान के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है. गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है.
यह भी पढ़ें: नरकटियागंज के स्कूलों में 70% से अधिक छात्र उपस्थिति जरूरी, बीईओ ने प्रधान शिक्षकों को दिए सख्त निर्देश
