Motihari News: मोतिहारी. साइबर ठगी के लिए इस्तेमाल किये जा रहे म्यूल बैंक खाते के सत्यापन के दौरान साइबर थाना पुलिस ने चकिया के एक युवक को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपित की पहचान चकिया थाना क्षेत्र के बाड़ा चकिया वार्ड छह निवासी मनी गुप्ता के रूप में हुई है. पुलिस ने उसके पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है. जांच के दौरान उसके नाम से संचालित दो बैंक खातों पर अलग-अलग राज्यों से साइबर ठगी से संबंधित शिकायतें मिलने की बात सामने आयी है. पुलिस अब पूछताछ के आधार पर साइबर ठगी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है.
म्यूल खाते के सत्यापन में सामने आया युवक का नाम
पुलिस के अनुसार म्यूल खाता धारकों के सत्यापन के दौरान मनी गुप्ता के नाम से संचालित भारतीय स्टेट बैंक के खाते की जांच की गयी. इस खाते पर विभिन्न राज्यों से साइबर ठगी से संबंधित पांच शिकायतें मिलीं. वहीं उसके एचडीएफसी बैंक खाते पर भी तीन साइबर शिकायतें दर्ज होने की जानकारी सामने आयी.
दोनों खातों में साइबर ठगी की रकम का लेन-देन
जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि दोनों बैंक खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी से जुड़ी रकम मंगाने और उसके लेन-देन में किया गया. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि ठगी की रकम किन माध्यमों से इन खातों में पहुंचती थी और इसके बाद किन खातों में भेजी जाती थी.
हरियाणा के करनाल में भी दर्ज है प्राथमिकी
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि मामले से संबंधित प्राथमिकी पूर्व से करनाल साइबर थाना, हरियाणा में दर्ज है. विभिन्न राज्यों से मिली साइबर शिकायतों और जांच में सामने आये तथ्यों के आधार पर मोतिहारी साइबर थाना में कांड संख्या 138/2026 दर्ज किया गया. इसके बाद पुलिस ने मनी गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया.
मोबाइल बरामद, साइबर नेटवर्क की जांच जारी
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपित के पास से एक मोबाइल फोन बरामद किया है. पुलिस मोबाइल और बैंक खातों से जुड़े लेन-देन की जांच कर रही है. इसके जरिए साइबर ठगी से जुड़े अन्य लोगों और खातों की जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है.
पूछताछ से सामने आएंगे नेटवर्क से जुड़े लोग
एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित से पूछताछ की जा रही है. पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि उसके बैंक खातों में ठगी की रकम किसके माध्यम से पहुंचती थी और आगे कहां भेजी जाती थी. पूछताछ के आधार पर साइबर ठगी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी.
छापेमारी में चकिया थानाध्यक्ष धर्मप्रकाश कुमार, साइबर थाना के दारोगा शिवम सिंह, चकिया थाना के दारोगा विवेक कुमार, धनंजय कुमार और पप्पू कुमार समेत सशस्त्र बल शामिल रहे.
ये भी पढ़ें: बदलते मौसम के साथ बढ़ा फ्लू का खतरा, सर्दी-खांसी को न करें नजरअंदाज, जानें कब डॉक्टर को दिखाना जरूरी
