Curfew in Birgunj: नेपाल के मधेश क्षेत्र में दो समुदायों के बीच जारी तनाव का असर अब रक्सौल से सटे वीरगंज में भी लगातार देखने को मिल रहा है. विरोध प्रदर्शन थमने का नाम नहीं ले रहे हैं. हालात को सामान्य करने के लिए प्रशासन लगातार प्रयास कर रहा है, लेकिन स्थिति अभी भी पूरी तरह सामान्य नहीं हो सकी है.
शुक्रवार को भी वीरगंज में शांति बहाल करने की कोशिशों के साथ-साथ विरोध प्रदर्शन जारी रहा.
शांति समिति की बैठक के बीच हुआ विरोध
जिला प्रशासन कार्यालय पर्सा के सभाकक्ष में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक के बाद सामाजिक सौहार्द का संदेश देने के लिए सद्भाव रैली भी निकाली गई.
इसी दौरान दूसरी ओर प्रदर्शन कर रहे युवाओं ने टायर जलाकर बैठक का विरोध किया. इससे इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना रहा.
सीमावर्ती इलाकों में भी जारी है प्रदर्शन
वीरगंज के अलावा भारत-नेपाल सीमा से सटे नेपाल के अन्य इलाकों में भी विरोध प्रदर्शन जारी है.
यह स्थिति सुनसरी जिले में कांवर लेकर जा रहे श्रद्धालुओं पर हुए हमले और उसमें हुई मौत के बाद उत्पन्न हुई है. इसी घटना के विरोध में कई स्थानों पर प्रदर्शन किए जा रहे हैं.
रक्सौल बाजार पर पड़ा असर
नेपाल में जारी विरोध और प्रशासनिक प्रतिबंधों का असर रक्सौल के बाजार पर भी दिखाई देने लगा है.
आमतौर पर नेपाली ग्राहकों की आवाजाही से गुलजार रहने वाला बाजार इन दिनों अपेक्षाकृत शांत नजर आ रहा है. स्थानीय व्यापारियों के अनुसार, निषेधाज्ञा के कारण नेपाल की ओर से लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई है, जिससे कारोबार पर भी असर पड़ा है.
फिर लागू की गई निषेधाज्ञा
स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन कार्यालय पर्सा ने वीरगंज क्षेत्र में एक बार फिर निषेधाज्ञा लागू कर दी है.
प्रशासन के अनुसार, यह आदेश शुक्रवार शाम 5 बजे से शनिवार सुबह 6 बजे तक प्रभावी रहेगा. इस दौरान लोगों से प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और शांति बनाए रखने की अपील की गई है.
हालात पर प्रशासन की नजर
फिलहाल प्रशासन दोनों पक्षों के बीच संवाद के जरिए तनाव कम करने की कोशिश कर रहा है. वहीं सुरक्षा एजेंसियां पूरे क्षेत्र पर नजर बनाए हुए हैं. स्थिति को देखते हुए आगे भी प्रशासन आवश्यक कदम उठा सकता है.
