cop revenge video: "भाई की मौत का बदला लूंगा..." कहने वाला सिपाही मोतिहारी पुलिस लाइन में तैनात, पुराना रहा है विवादित रिकॉर्ड

cop revenge video: मोतिहारी पुलिस लाइन में तैनात सिपाही आशीष तिवारी का भाई की मौत पर बदला लेने का वीडियो वायरल हुआ है.एसपी स्वर्ण प्रभात के अनुसार, इस विवादित सिपाही पर पहले भी फायरिंग और अनुशासनहीनता के दो गंभीर मामले दर्ज हैं. जानिए पूरी खबर…

मोतिहारी से अमरेश वर्मा की रिपोर्ट

cop revenge video: भोजपुर के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव में भरत भूषण तिवारी की मौत के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है.वीडियो में खुद को पुलिस का सिपाही बताने वाला आशीष तिवारी अपने भाई की मौत का बदला लेने और नौकरी छोड़ने की बात कह रहा है.इस वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है.जांच में पता चला है कि वीडियो में दिख रहा सिपाही वर्तमान में मोतिहारी जिला बल (पुलिस लाइन) में ही तैनात है.

पहले भी फायरिंग और साथियों पर चाकू लेकर दौड़ने का है आरोप

एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि सिपाही आशीष तिवारी का विभागीय रिकॉर्ड पहले से ही काफी विवादों से घिरा रहा है.उसके खिलाफ पहले से ही दो गंभीर विभागीय कार्रवाई चल रही हैं.पहला मामला साल 2023 का है, जब वह हरपुर ओपी में तैनात था.आरोप है कि उसने सहकर्मियों के साथ गाली-गलौज की और हथियार न मिलने पर चाकू लेकर पुलिस अधिकारियों व जवानों के पीछे दौड़ पड़ा था.इस मामले में उसकी वेतन वृद्धि रोकते हुए विभागीय दंड दिया गया था.

पिस्तौल से फायरिंग और अधिकारियों को धमकाने का भी दर्ज है केस

दूसरा मामला साल 2024 में पिपराकोठी थाने का है, जहां ड्यूटी के दौरान उसने सहकर्मियों से अभद्रता की और अपनी सरकारी 9 एमएम पिस्तौल से फायरिंग की.यही नहीं, बीच-बचाव करने पहुंचे अधिकारियों को धमकाते हुए उन पर भी फायर करने का प्रयास किया और खुद को गोली मारने की धमकी दी.इस मामले में उसके खिलाफ बीएनएस और आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी.

वायरल वीडियो पर एसपी सख्त, मांगा गया स्पष्टीकरण

भाई की मौत के बाद वायरल हुए इस नए धमकी भरे वीडियो को लेकर मोतिहारी पुलिस पूरी तरह सतर्क है.एसपी स्वर्ण प्रभात ने संबंधित आरक्षी से इस मामले में स्पष्टीकरण मांगा है और पूरे मामले की जांच रिपोर्ट तलब की है.पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद इस अनुशासनहीनता को लेकर सिपाही के खिलाफ नियमानुसार सख्त विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >