Motihari News: मोतिहारी. जनगणना-2027 की तैयारी को लेकर पूर्वी चंपारण में जिला जनगणना हस्त पुस्तिका (डीसीएचबी) के लिए क्षेत्र कार्य शुरू करने की तैयारी पूरी कर ली गयी है. इसके तहत क्षेत्र पदाधिकारी गांव और नगर क्षेत्रों में जाकर सड़क, स्कूल, स्वास्थ्य केंद्र, पेयजल, बिजली समेत अन्य सार्वजनिक सुविधाओं की स्थिति का सर्वे करेंगे. क्षेत्र कार्य 1 अगस्त से शुरू कर 30 अगस्त तक पूरा करने का निर्देश दिया गया है.
गांव और नगर की बुनियादी सुविधाओं का होगा सर्वे
क्षेत्र पदाधिकारी आवंटित गांव अथवा नगर में उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं से संबंधित प्रमाणिक आंकड़े जुटाएंगे. सर्वे में सड़क, विद्यालय, स्वास्थ्य केंद्र, पेयजल, बिजली सहित अन्य सार्वजनिक सुविधाओं की स्थिति दर्ज की जाएगी.
मानचित्र पर दर्ज होगी सुविधाओं की सही लोकेशन
जारी मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के अनुसार क्षेत्र कार्य केवल आंकड़े जुटाने तक सीमित नहीं रहेगा. क्षेत्र पदाधिकारी आवंटित क्षेत्र की सुविधाओं को निर्धारित कार्यशील मानचित्र पर उनकी सही लोकेशन के साथ अंकित करेंगे.
इसके बाद मानचित्र को लॉक कर चार्ज अधिकारी के माध्यम से जनगणना निदेशालय को भेजा जाएगा.
यह भी पढ़ें: घर लौटने का इंतजार करता रहा परिवार, सुबह पानी में मिला 66 वर्षीय वृद्ध का शव
राजस्व रिकॉर्ड से क्षेत्रफल का होगा मिलान
सर्वे के दौरान राजस्व ग्राम के कुल क्षेत्रफल का मिलान जनगणना-2027 के प्रथम चरण में सत्यापित क्षेत्रफल और राजस्व रिकॉर्ड से किया जाएगा. अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि आंकड़े केवल अधिकृत एवं प्रमाणिक स्रोतों से ही जुटाए जाएं.
इससे पोर्टल पर दर्ज आंकड़ों में किसी तरह की विसंगति की संभावना को कम किया जा सकेगा.
ग्रामीण क्षेत्रों में दो-दो क्यूआरटी की व्यवस्था
क्षेत्र कार्य के दौरान आने वाली समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में दो-दो त्वरित प्रतिक्रिया टीम (क्यूआरटी) बनाने का निर्देश दिया गया है. वहीं नगरीय क्षेत्र में एक क्यूआरटी की व्यवस्था की जाएगी.
डाटा एंट्री में विशेष सावधानी का निर्देश
क्षेत्र पदाधिकारियों को डाटा एंट्री के दौरान विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है. निर्देश दिया गया है कि 1 अगस्त से पहले पोर्टल पर किसी भी प्रकार का डाटा फीड नहीं किया जाए.
यह भी पढ़ें: हर घर तिरंगा 2026 बाइक रैली में शामिल हुए राधा मोहन सिंह, देशवासियों से तिरंगा फहराने की अपील
