Motihari News: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को मोतिहारी जिले को विकास योजनाओं की बड़ी सौगात दी. मुख्यमंत्री ने जिले में करीब 285 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं आधारशिला रखी. इनमें नगर निगम की करीब 78 करोड़ रुपये की योजनाएं भी शामिल हैं. इसके अलावा मोतिहारी तारामंडल, एमएस कॉलेज में करीब 30 करोड़ रुपये की लागत से खेल स्टेडियम, हवाई अड्डे के पास होमगार्ड मैदान में मेडिकल कॉलेज और केंद्रीय विद्यालय जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं की भी शुरुआत की गई.
नगर निगम की 78 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास
मुख्यमंत्री ने नगर निगम क्षेत्र के विकास के लिए करीब 78 करोड़ रुपये की योजनाओं का शिलान्यास किया. जानकारी के अनुसार नगर निगम के प्रत्येक वार्ड के लिए करीब सवा-सवा करोड़ रुपये की योजनाएं स्वीकृत की गई हैं. इससे शहर के सभी 46 वार्डों में बुनियादी सुविधाओं और विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है.
मोतिहारी में तारामंडल की परियोजना को मिली रफ्तार
मुख्यमंत्री ने मोतिहारी तारामंडल की परियोजना का भी शिलान्यास किया. तारामंडल के निर्माण से जिले में विज्ञान एवं तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है. इससे स्कूली और कॉलेज विद्यार्थियों को खगोल विज्ञान एवं अंतरिक्ष से जुड़ी जानकारी को व्यावहारिक तरीके से समझने का अवसर मिलेगा.
एमएस कॉलेज में 30 करोड़ का खेल स्टेडियम
एमएस कॉलेज परिसर में करीब 30 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले खेल स्टेडियम की आधारशिला भी रखी गई. स्टेडियम बनने के बाद जिले के खिलाड़ियों को अभ्यास और प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर आधारभूत सुविधा मिलने की उम्मीद है.
खेल सुविधाओं के विस्तार से युवाओं को विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलेगा.
हवाई अड्डे के पास मेडिकल कॉलेज और केंद्रीय विद्यालय की सौगात
मोतिहारी हवाई अड्डे के पास स्थित होमगार्ड मैदान में मेडिकल कॉलेज और केंद्रीय विद्यालय से जुड़ी परियोजनाओं का भी शिलान्यास किया गया. मेडिकल कॉलेज बनने से पूर्वी चंपारण में उच्चस्तरीय चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है.
वहीं केंद्रीय विद्यालय की परियोजना से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का बेहतर अवसर मिलने की संभावना है.
शहर से शिक्षा और स्वास्थ्य तक विकास को मिलेगी गति
285 करोड़ रुपये की योजनाओं में शहरी विकास, शिक्षा, खेल, स्वास्थ्य और विज्ञान से जुड़ी परियोजनाओं को शामिल किया गया है. इन योजनाओं के पूरा होने के बाद मोतिहारी में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ युवाओं, विद्यार्थियों और आम लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिलने की उम्मीद है.
यह भी पढ़ें: नेपाल बाढ़ पीड़ितों के लिए वीरगंज उद्योग वाणिज्य संघ ने दिए 15 लाख रुपये, PM राहत कोष में जमा
