मोतिहारी पुलिस: भोपतपुर थाना पुलिस ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए दो दिन से लापता एक वृद्ध महिला को सकुशल उनके परिजनों से मिला दिया. मानसिक रूप से अस्वस्थ बतायी जा रही महिला मंगलवार शाम भटकते हुए थाना क्षेत्र में मिली थी. स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने उन्हें सुरक्षित थाने पहुंचाया. महिला के परिजनों का पता लगाने के बाद जरूरी सत्यापन और कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उन्हें परिवार के सुपुर्द कर दिया गया.
भटकते हुए मिली थी वृद्ध महिला
जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम भोपतपुर थाना क्षेत्र में स्थानीय लोगों ने एक वृद्ध महिला को भटकते हुए देखा. महिला अपना घर और परिवार से जुड़ी जानकारी ठीक से नहीं बता पा रही थीं. लोगों ने इसकी सूचना भोपतपुर थाना पुलिस को दी.
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और महिला को सुरक्षित थाने ले आई. इसके बाद पुलिसकर्मियों ने उनसे बातचीत कर उनके नाम और परिवार के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास किया.
नाम बताया अनीता देवी, बेटे का नाम राजेंद्र
थाने में पूछताछ के दौरान महिला ने अपना नाम अनीता देवी बताया. उन्होंने अपने पुत्र का नाम राजेंद्र महतो और घर तुरकौलिया थाना क्षेत्र के शंकर सरैया गांव में होने की जानकारी दी.
महिला से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने उनके परिजनों की तलाश शुरू की. इसके लिए तकनीकी सहायता के साथ स्थानीय स्तर पर भी संपर्क साधा गया. इधर, महिला के परिजन भी उनके लापता होने के बाद परेशान होकर तलाश में जुटे थे.
सूचना मिलते ही थाने पहुंचे परिजन
पुलिस के प्रयास से महिला के परिजनों से संपर्क हो गया. वृद्ध महिला के मिलने की सूचना मिलते ही परिजन भोपतपुर थाना पहुंचे.
पुलिस ने परिजनों की पहचान और आवश्यक जानकारी का सत्यापन किया. सभी जरूरी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद अनीता देवी को सकुशल उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया.
थानाध्यक्ष ने कहा- मदद करना कर्तव्य
भोपतपुर थानाध्यक्ष त्रिभुवन कुमार ने बताया कि पुलिस आम लोगों की सुरक्षा और सहायता के लिए हमेशा तत्पर रहती है. उन्होंने कहा कि लावारिस या भटके हुए लोगों की मदद करना पुलिस का नैतिक और पेशेवर कर्तव्य है.
उन्होंने बताया कि समय पर स्थानीय लोगों से मिली सूचना के कारण महिला को सुरक्षित थाना लाया जा सका और बाद में उनके परिजनों तक पहुंचाया गया.
मां को पाकर परिजनों के चेहरे पर लौटी खुशी
अनीता देवी के सकुशल मिलने के बाद उनके परिजनों ने राहत की सांस ली. परिजनों ने भोपतपुर थानाध्यक्ष समेत पुलिस टीम का आभार जताया.
वहीं, वृद्ध महिला को सुरक्षित परिवार से मिलाने की पुलिस की त्वरित कार्रवाई की स्थानीय स्तर पर भी सराहना हो रही है. इस घटना ने पुलिस की जिम्मेदारी के साथ उसके मानवीय पक्ष को भी सामने रखा है.
यह भी पढे़ें:
मोतिहारी में 990 किलो यूरिया जब्त, नेपाल ले जा रहे एक तस्कर को SSB ने दबोचा
