Motihari: भंडार गांव में शांतिपूर्ण ढंग से हुआ विष्णु महायज्ञ का मूर्ति विसर्जन

मोतिहारी के भंडार गांव में विष्णु महायज्ञ का मूर्ति विसर्जन कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक निगरानी के बीच शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ. पढ़ें पूरी खबर…

Motihari News: पचपकरी थाना क्षेत्र के भंडार गांव स्थित साहू रामजानकी मठ में आयोजित विष्णु महायज्ञ का मूर्ति विसर्जन शुक्रवार को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया.

महायज्ञ की कलश यात्रा के दौरान दो पक्षों के बीच हुए विवाद को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे. डीएम सौरव जोरवाल और एसपी स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया था.

52 स्थानों पर सुरक्षा बल तैनात

यज्ञस्थल से लेकर भंडार चौक और देवापुर संगम घाट तक कुल 52 स्थानों पर मजिस्ट्रेट, पुलिस पदाधिकारी और सैकड़ों सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई थी.

शुक्रवार को प्रशासनिक निगरानी में पूजा-अर्चना के बाद गाजे-बाजे के साथ मूर्ति विसर्जन जुलूस निकाला गया. जुलूस भंडार और देवापुर होते हुए बागमती नदी के संगम घाट पहुंचा, जहां विधि-विधान के साथ मूर्तियों का विसर्जन किया गया.

दोनों पक्षों ने बनाए रखा शांति का माहौल

मूर्ति विसर्जन के दौरान दोनों पक्षों के लोगों ने शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने में सहयोग किया. प्रशासन लगातार पूरे कार्यक्रम की मॉनिटरिंग करता रहा.

लगातार निगरानी करते रहे अधिकारी

सिकरहना एसडीओ विजय कुमार, डीएसपी उदय कुमार और पकड़ीदयाल डीएसपी कुमार चंदन लगातार जुलूस की निगरानी करते रहे और तैनात पुलिस बल को दिशा-निर्देश देते रहे.

इसके अलावा साइबर डीएसपी अभिनव परासर, डीएसपी कुमार ऋषव, मुख्यालय डीएसपी सुनील कुमार समेत कई प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस बल मौके पर मौजूद रहे.

क्या बोले डीएसपी

सिकरहना डीएसपी उदय कुमार ने बताया कि भंडार गांव में विष्णु महायज्ञ का मूर्ति विसर्जन पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ. उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों के लोगों ने शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग किया और जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे.

मोतिहारी / सिकरहना से राजकिशोर गिरी एवं विकास कुमार सिंह की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sarfaraz Ahmad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >