पूरे बिहार के मुखिया सीखेंगे 'सिसवा मॉडल', बंजरिया की इस पंचायत को मिली बड़ी उपलब्धि

बिहार सरकार ने राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के तहत बंजरिया प्रखंड की सिसवा पूर्वी पंचायत को अध्ययन केंद्र के रूप में चुना है. पांच जिलों के 100 मुखिया यहां आकर पंचायत के विकास मॉडल और प्रशासनिक व्यवस्था का अध्ययन करेंगे, ताकि इसे अपने क्षेत्र में लागू कर सकें.

Bihar Panchayat News: बिहार सरकार के पंचायती राज विभाग और बिहार राज्य पंचायत संसाधन संस्था, पटना के निर्देश पर राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान (RGSA) के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 के 'एक्सपोजर विजिट विदइन स्टेट' कार्यक्रम के लिए बंजरिया प्रखंड की सिसवा पूर्वी पंचायत का चयन अध्ययन केंद्र के रूप में किया गया है. यहां राज्य के विभिन्न जिलों से आने वाले मुखिया पंचायत के विकास कार्यों और प्रशासनिक व्यवस्था का अध्ययन करेंगे.

पांच जिलों के 100 मुखिया करेंगे भ्रमण

पंचायती राज विभाग की ओर से जारी सूची के अनुसार भोजपुर, सारण, सीतामढ़ी, वैशाली और पश्चिम चंपारण के कुल 100 चयनित मुखिया इस अध्ययन भ्रमण में शामिल होंगे. प्रतिभागियों को 50-50 के दो बैच में विभाजित किया गया है. यह कार्यक्रम 23 और 24 जुलाई 2026 को आयोजित होगा. सभी प्रतिनिधि पटना स्थित बेस कैंप से सिसवा पूर्वी पंचायत पहुंचेंगे.

'सिसवा मॉडल' से सीखेंगे विकास के तरीके

भ्रमण के दौरान जनप्रतिनिधि पंचायत सरकार भवन की कार्यप्रणाली, विकास योजनाओं के क्रियान्वयन, डिजिटल गवर्नेंस, पारदर्शी प्रशासन, स्वच्छता अभियान और ग्रामीण विकास के विभिन्न मॉडलों का अध्ययन करेंगे. उद्देश्य यह है कि यहां के सफल प्रयोगों को अपने-अपने पंचायत क्षेत्रों में लागू कर ग्रामीण विकास को नई गति दी जा सके.

तान्या परवीन के नेतृत्व में बनी पहचान

सिसवा पूर्वी पंचायत को मॉडल ग्राम पंचायत बनाने में वर्तमान मुखिया तान्या परवीन की महत्वपूर्ण भूमिका रही है. पंचायत सरकार भवन का प्रभावी संचालन, योजनाओं का पारदर्शी क्रियान्वयन, स्वच्छता अभियान और जनकल्याणकारी योजनाओं के बेहतर प्रबंधन ने इस पंचायत को राज्य स्तर पर अलग पहचान दिलाई है.

एजेंसी को सौंपी गई आयोजन की जिम्मेदारी

इस राज्य स्तरीय अध्ययन भ्रमण के सफल संचालन की जिम्मेदारी Hawkman Technologies (P) Ltd को दी गई है. एजेंसी प्रतिभागियों के आवास, भोजन, यात्रा और सुरक्षा की समुचित व्यवस्था करेगी.

यह भी पढे़ं: मोतिहारी: यूरिया की कालाबाजारी पर कृषि विभाग सख्त, 100 बोरा से अधिक बिक्री वाले दुकानों की होगी जांच


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >