PMAY Gramin Yojana: प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत बंजरिया प्रखंड कार्यालय के सभागार में गुरुवार को एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस अवसर पर प्रखंड के कई लाभुकों के चेहरे पर उस समय खुशी की लहर दौड़ गई, जब उन्हें उनके पक्के मकान की चाबियां और गृह प्रवेश प्रमाणपत्र सौंपा गया.
Motihari news: राजधानी पटना से हुआ सीधा प्रसारण
कार्यक्रम का मुख्य आयोजन राजधानी पटना में किया गया था, जिसका सीधा प्रसारण बंजरिया प्रखंड कार्यालय में किया गया. सभागार में उपस्थित पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और लाभुकों ने पटना से आयोजित मुख्य कार्यक्रम को बड़े उत्साह के साथ देखा. वहां केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्यभर के लाभुकों को संबोधित करते हुए आवास की चाबियां सौंपीं.
Pradhan Mantri Awas Yojana: 15 लाभुकों को मिली चाबियां और शुभकामना पत्र
कार्यक्रम में बीडीओ अजय कुमार प्रिंस की उपस्थिति रही. कार्यक्रम के दौरान कुल 15 लाभुकों को उनके नवनिर्मित आवास की चाबियां और शुभकामना पत्र प्रदान किए गए, जिन्होंने सफलतापूर्वक अपने घर का निर्माण कार्य पूरा कर लिया था.
प्रथम किश्त पाने वालों को मिले स्वीकृति पत्र
इसके अतिरिक्त, जिन लाभुकों को प्रथम किश्त का भुगतान किया जा चुका है, उन्हें स्वीकृति पत्र सौंपे गए, ताकि वे अपने घर का निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ा सकें. कुल 5 लाभुकों को स्वीकृति पत्र दिए गए. इस अवसर पर प्रखण्ड बीस सूत्री अध्यक्ष क्यामूल हक ने कहा कि यह कल्याणकारी योजना की सबसे बड़ी सफलता है. मौके पर आवास पर्यवेक्षक प्रिंस राज, पंकज कुमार, सुमित कुमार, लाभुक सहित अन्य उपस्थित थे.
