मोतिहारी के बंजरिया में जर्जर बिजली तारों से दहशत, कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा

मोतिहारी के बंजरिया में बिजली विभाग की घोर लापरवाही सामने आई है, जहाँ जर्जर तार मौत का सबब बन रहे हैं। शॉर्ट सर्किट और वोल्टेज उतार-चढ़ाव से ग्रामीण दहशत में हैं और लाखों के उपकरण जल चुके हैं।

Motihari Electricity Problem: मोतिहारी जिले के बंजरिया प्रखंड अंतर्गत अजगरी पंचायत के वार्ड संख्या 6 में बिजली विभाग की घोर लापरवाही सामने आई है. इलाके में कई जगहों पर बिजली के तार और केबल बेहद जर्जर हालत में नीचे लटक रहे हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में अनहोनी की आशंका बनी हुई है. स्थानीय ग्रामीण हर समय किसी बड़े हादसे के खौफ में जीने को विवश हैं. सड़कों और रिहायशी गलियों के ऊपर झूलते ये नंगे तार राहगीरों और मवेशियों के लिए सीधा मौत का जाल साबित हो रहे हैं.

शॉर्ट सर्किट और चिंगारियों से दहशत का माहौल

स्थानीय निवासियों का कहना है कि क्षेत्र में जर्जर तारों के आपस में टकराने से लगातार शॉर्ट सर्किट की घटनाएं हो रही हैं. आए दिन तेज धमाके के साथ तारों से आग की चिंगारियां नीचे गिरती हैं, जिससे आसपास के खलिहानों और फूस के मकानों में आग लगने का भारी खतरा बना रहता है. कई बार राह चलते लोग इन चिंगारियों की चपेट में आने से बाल-बाल बचे हैं. स्थिति यह है कि हल्की सी हवा चलते ही इलाके में स्पार्किंग शुरू हो जाती है.

फोटो कैप्सन : अजगरी पंचायत के वार्ड नं -06 में जर्जर बिजली का केबल तार | Prabhat Khabar Network

वोल्टेज फ्लकचुएशन से जले लाखों के कीमती उपकरण

जर्जर केबलों और अनियंत्रित विद्युत आपूर्ति के चलते क्षेत्र में भारी वोल्टेज उतार-चढ़ाव (फ्लकचुएशन) की गंभीर समस्या पैदा हो गई है. अचानक हाई वोल्टेज आने की वजह से ग्रामीणों के घरों में लगे टीवी, पंखे, कूलर और फ्रिज जैसे महंगे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जलकर पूरी तरह राख हो रहे हैं. बार-बार उपकरण खराब होने से गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को लगातार बड़ा आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है, जिससे लोगों में विभाग के प्रति भारी रोष है.

फोटो कैप्सन : अजगरी पंचायत के वार्ड नं -06 में जर्जर बिजली का केबल तार | Prabhat Khabar Network

अनदेखी पर भड़के ग्रामीण, दी आंदोलन की चेतावनी

स्थानीय युवक आशुतोष कुमार निशांत सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि बिजली विभाग के कनीय और सहायक अभियंताओं को कई बार लिखित और मौखिक शिकायतें दी गईं, लेकिन विभागीय अधिकारियों के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही है. समस्या का कोई ठोस समाधान नहीं किया गया है. परेशान ग्रामीणों ने कड़े शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि बिजली कंपनी ने तत्काल प्रभाव से इन जर्जर तारों और केबलों को बदलकर नई लाइन नहीं खींची, तो ग्रामीण सड़क पर उतरकर उग्र आंदोलन और चक्का जाम करने के लिए बाध्य होंगे.

यह भी पढ़ें... सड़क पार करते वक्त ट्रक ने मासूम बच्ची को रौंदा, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Raj Nikhil

राज निखिल एक अनुभवी और निष्पक्ष पत्रकार हैं. उन्हें विशेष रूप से क्राइम रिपोर्टिंग और डिजिटल मीडिया में विशेष अनुभव है. वर्तमान में वह 'प्रभात खबर' से जुड़े हैं. इससे पहल वे 'न्यूज 18 लोकल', 'पब्लिक वाइल्ड डिजिटल' और 'सन्मार्ग' में सेवाएं दे चुके हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >