मोतिहारी: छुट्टी में भी आधार केंद्र पर लगी लंबी कतार, सुबह 4 बजे से नंबर के इंतजार में लोग

पूर्वी चंपारण में आधार कार्ड में सुधार के लिए लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. सरकारी छुट्टी के बावजूद आधार केंद्र पर सुबह 4 बजे से ही लंबी कतारें लग रही हैं. प्रखंड स्तर पर सभी सुविधाओं के अभाव में लोगों को जिला मुख्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं.

Motihari News: मोतिहारी. पूर्वी चंपारण जिले में आधार कार्ड में सुधार कराने के लिए लोगों को घंटों कतार में खड़ा होना पड़ रहा है. बुधवार को सरकारी छुट्टी के बावजूद मठिया जिरात मेन रोड स्थित छतौनी सब्जी मंडी के आगे आधार केंद्र पर सुबह से ही महिला, पुरुष और युवतियों की लंबी कतार लगी रही. कई लोग सुबह करीब चार बजे से अपनी बारी का इंतजार करते दिखे. लोगों का कहना है कि आधार में सुधार के लिए उन्हें बार-बार केंद्र का चक्कर लगाना पड़ रहा है.

सरकारी छुट्टी में भी सुबह से लगी लंबी कतार

बुधवार की सुबह आधार केंद्र के बाहर बड़ी संख्या में लोग अपनी बारी का इंतजार करते मिले. लोगों के अनुसार आम दिनों में स्थिति और भी खराब रहती है और कतार मुख्य सड़क तक पहुंच जाती है.

लोगों का कहना है कि आधार कार्ड में सुधार कराने के लिए उन्हें सुबह-सुबह पहुंचना पड़ता है, इसके बावजूद काम होने की कोई गारंटी नहीं रहती.

जन्मतिथि में सुधार के लिए प्रखंडों से मोतिहारी पहुंच रहे लोग

लोगों ने बताया कि प्रखंड स्तर पर आधार केंद्र संचालित होने के बावजूद वहां सभी तरह के सुधार की सुविधा उपलब्ध नहीं है. खासकर जन्मतिथि में सुधार कराने के लिए लोगों को मोतिहारी स्थित आधार केंद्र भेजा जाता है.

इसके कारण जिले के अलग-अलग प्रखंडों से लोग यहां पहुंचते हैं. उन्हें दस्तावेजों के साथ घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ता है. लोगों के अनुसार प्रक्रिया के दौरान हर बार 75 रुपये शुल्क भी जमा करना पड़ता है.

एक व्यक्ति ने बताया कि वीजा एक्सपायर होने वाला है, लेकिन आधार में जन्मतिथि का सुधार नहीं हो पाने के कारण चिंता बढ़ गयी है.

गर्मी में घंटों कतार, पानी और सुरक्षा की व्यवस्था नहीं

आधार केंद्र के बाहर सुबह से लाइन में खड़े लोग

आधार केंद्र पर लाइन में लगे लोगों ने बताया कि भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप में घंटों खड़े रहना पड़ता है. इंतजार कर रहे लोगों के लिए पर्याप्त पानी और अन्य बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था नहीं होने से परेशानी और बढ़ जाती है.

लोगों ने कहा कि सरकारी सेवाओं के लिए बार-बार मोतिहारी आने की मजबूरी कम होनी चाहिए.

प्रखंड स्तर पर सभी सुधार की सुविधा देने की मांग

लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि प्रखंड स्तर के आधार केंद्रों पर ही जन्मतिथि समेत सभी तरह के जरूरी सुधार की सुविधा उपलब्ध करायी जाए.

उनका कहना है कि इससे लोगों को जिला मुख्यालय तक आने और घंटों कतार में खड़े रहने से राहत मिलेगी. साथ ही आधार केंद्रों पर पानी, छाया और अन्य जरूरी सुविधाओं की भी बेहतर व्यवस्था की जानी चाहिए.

यह भी पढ़ें: नाले की नींव पर ग्रामीणों ने क्यों उठाए सवाल? विरोध के बाद पीसीसी कराने का मिला आश्वासन


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सामंत कुमार गौतम

सामंत वर्ष 2013 से यानी पिछले 13 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. वाणिज्य (बी.कॉम) और कानून (एलएलबी) स्नातक सामंत को समाचार संकलन, संपादन, कंप्यूटर तकनीक और समाचार प्रबंधन का व्यापक अनुभव है. ये पत्रकारिता के साथ-साथ समाचारों के तकनीकी व प्रबंधकीय कार्यों में विशेष रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >