Motihari News: मोतिहारी कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग (MCE) के मेस में गुरुवार की सुबह एक सनसनीखेज मामला सामने आया, जहां खाना बनाने वाले खौलते गर्म तेल के छींटे पड़ने से तीन छात्राएं गंभीर रूप से झुलस गईं. किसी छात्रा का पैर जख्मी हुआ, तो किसी का हाथ जल गया. घटना के तुरंत बाद पूरे कॉलेज कैंपस में अफरा-तफरी मच गई. कॉलेज प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए तीनों घायल छात्राओं को तत्काल इलाज के लिए शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया.
रसोइए पर जानबूझकर तेल पटकने का आरोप
निजी अस्पताल में प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) के बाद बाहर निकली पीड़ित छात्राओं ने घटना की पूरी आपबीती सुनाई.
छात्राओं ने बताया कि वे सुबह करीब 9 बजे मेस में नाश्ता करने गई थीं. उसी दौरान रोटी बनाने को लेकर किसी बात पर रसोइए से बहस हो गई. आरोप है कि गुस्से में आकर रसोइए ने खौलते गर्म तेल से भरा पात्र (बर्तन) जमीन पर जोर से पटक दिया. बर्तन पटकते ही गर्म तेल के छींटे वहां खड़ी छात्राओं के शरीर पर जा गिरे, जिससे वे बुरी तरह झुलस गईं. छात्राओं के साथ अस्पताल पहुंचीं कॉलेज की महिला कर्मियों की देखरेख में उन्हें एंबुलेंस से वापस कॉलेज लाया गया.
छात्रों ने कैंपस में जमकर किया विरोध-प्रदर्शन
घटना की सूचना फैलते ही कॉलेज के छात्र-छात्राएं उग्र हो गए और मेस के रसोइए को घेरकर जोरदार विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया.
छात्रों का साफ आरोप था कि रसोइए ने जानबूझकर छात्राओं पर तेल फेंका है, इसलिए उसके खिलाफ सख्त दंडात्मक व कानूनी कार्रवाई की जाए. वहीं, दूसरी ओर रसोइए का दावा था कि गर्म तेल का बर्तन उसके हाथ से गलती से फिसलकर छूट गया था. मौके पर पहुंची पुलिस और कॉलेज प्रशासन के काफी समझाने-बुझाने के बाद प्रदर्शनकारी छात्र शांत हुए.
मामले की जांच के बाद होगी कड़ी कार्रवाई: प्राचार्य
कॉलेज के प्राचार्य प्रो. नवनीत कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है.
कोट: गुरुवार सुबह करीब नौ बजे छात्राएं मेस में पहुंची थीं, तभी यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना घटी. घटना में कॉलेज की छात्रा मोनाली प्रिया, मधु प्रिया और मुस्कान झुलस गई हैं. हॉस्टल वार्डेन के साथ छात्राओं को तत्काल निजी अस्पताल भेजकर समुचित इलाज कराया गया है. मामले की पूरी जांच कराई जा रही है और दोषी पाए जाने पर उचित कार्रवाई की जाएगी." प्रो. नवनीत कुमार, प्राचार्य, मोतिहारी कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग
