मोतिहारी को मेगा गिफ्ट: बनेगा नया मेडिकल कॉलेज और तारामंडल, जानें क्षेत्र को क्या-क्या मिलेंगे फायदे

मोतिहारी को मेडिकल कॉलेज, तारामंडल और हेलीकॉप्टर सेवा समेत कई बड़ी सौगातें मिलने जा रही हैं. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बापूधाम महोत्सव के दौरान जिले के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का ऐलान किया.

मोतिहारी को मेगा गिफ्ट: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को मोतिहारी के गांधी मैदान में बापूधाम महोत्सव और बापू प्रेक्षागृह में किसान समृद्धि सम्मेलन के दौरान जिले के लिए कई बड़ी योजनाओं की घोषणा की. सरकार ने मोतिहारी में मेडिकल कॉलेज, केंद्रीय विद्यालय, तारामंडल, इंडोर स्टेडियम और चीनी मिल समेत कई परियोजनाओं का ऐलान किया. कार्यक्रम के दौरान 285 करोड़ रुपये की योजनाओं के शिलान्यास और उद्घाटन की भी जानकारी दी गयी.

मोतिहारी को मिलेगी हेलीकॉप्टर सेवा

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर बिहार में हवाई कनेक्टिविटी बढ़ाने पर सरकार काम कर रही है. मुजफ्फरपुर में सात सितंबर को हवाई अड्डे का शिलान्यास होगा. वाल्मीकिनगर और रक्सौल में भी हवाई अड्डे के निर्माण की दिशा में काम चल रहा है. इसी क्रम में मोतिहारी से हेलीकॉप्टर सेवा शुरू करने की बात कही गयी.

बरियारपुर में मेडिकल कॉलेज और केंद्रीय विद्यालय

शहर से सटे बरियारपुर में मेडिकल कॉलेज की स्थापना की घोषणा की गयी है. इसके साथ ही केंद्रीय विद्यालय के भवन का निर्माण भी होगा. इससे जिले में उच्चस्तरीय स्वास्थ्य सुविधा के साथ बच्चों के लिए बेहतर शैक्षणिक व्यवस्था का रास्ता खुलेगा.

तारामंडल से अटल कला भवन तक बड़ी सौगात

केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि सांसद राधामोहन सिंह को अपना गुरु मानते हैं और गुरु दक्षिणा के रूप में मोतिहारी को तारामंडल दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि इस दिशा में जल्द काम शुरू होगा. वहीं पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर अटल कला केंद्र का निर्माण होगा, जिस पर 20 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे.

चीनी मिल और मत्स्य क्षेत्र को भी बढ़ावा

मोतिहारी में नयी चीनी मिल स्थापित करने की घोषणा की गयी. मदर डेयरी को भी विकसित किया जाएगा. इसके अलावा मत्स्य समृद्धि क्लस्टर और फिश प्रोसेसिंग प्लांट की स्थापना की जाएगी. तेतरिया प्रखंड के कोठिया में एक्वाकल्चर पार्क बनाने की भी योजना है. सरकार का फोकस मत्स्य पालन की संभावनाओं को बढ़ाने पर है.

सड़क और खेल सुविधाओं का भी विस्तार

मोतिहारी-तुरकौलिया-गोविंदगंज पथ में रघुनाथपुर पुल से बालगंगा तक 3.2 किलोमीटर सड़क का चौड़ीकरण किया जाएगा. मोतीझील पथ निर्माण का काम भी पूरा करने की बात कही गयी. शहर के नेहरू स्टेडियम में इंडोर स्टेडियम का निर्माण होगा.

युवाओं और महिलाओं पर भी जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार हर वर्ग के विकास के लिए काम कर रही है. महिलाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाए गए हैं और बिहार में 50 लाख जीविका दीदियां लखपति बन चुकी हैं. उन्होंने कहा कि सरकार 2030 तक एक करोड़ युवाओं को सरकारी नौकरी देने के लक्ष्य पर काम कर रही है.

बिजली बिल और बजट का भी किया जिक्र

सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार में करीब एक करोड़ 90 लाख बिजली उपभोक्ता हैं. 125 यूनिट तक बिजली बिल माफ होने से करीब एक करोड़ उपभोक्ताओं का बिल शून्य आ रहा है. उन्होंने कहा कि राजद शासन में बिहार का बजट छह हजार करोड़ रुपये था, जो अब बढ़कर 3.17 लाख करोड़ रुपये हो गया है.

यह भी पढे़ं:

रक्सौल पावर कट: इन इलाकों में 10 से 2 बजे तक नहीं रहेगी बिजली, देखें पूरी लिस्ट

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By हिमांशु कुमार

हिमांशु पिछले 11 वर्षों से समाचार लेखन, संपादन के कार्य में सक्रिय हैं. इन्हें प्रशासनिक खबरों, जनसरोकार से जुड़े मुद्दों, खेल, बाजार तथा विभिन्न सामाजिक एवं संस्थागत गतिविधियों पर सटीक और विश्लेषणात्मक रिपोर्टिंग करने में विशेष रुचि है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >