बिहार में MLC चुनाव की घोषणा होते ही मांझी ने की डिमांड, मांगी इतनी सीट

MLC Election: बिहार में 10 सीटों पर एमएलसी चुनाव की घोषणा कर दी गई है. इस बीच केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने अपनी डिमांड रख दी है. आज सीएम सम्राट चौधरी से जीतन राम मांझी की मुलाकात हुई. इसके बाद उन्होंने कहा, हमें एक सीट चाहिए.

MLC Election: बिहार में एमएलसी चुनाव की घोषणा होते ही सियासी पारा चढ़ना शुरू हो गया. राजनीतिक नेताओं की ओर से सीटों की डिमांड भी शुरू कर दी गई है. मंगलवार को लोक सेवक आवास में केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की. इसके बाद उन्होंने एक सीट की डिमांड कर दी है.

मीडिया के सामने मांझी ने क्या कहा?

मीडिया से बात करते हुए जीतन राम मांझी ने कहा, हमें एक सीट चाहिए. यह मांग हमारी बहुत पहले से है. हम किसी भी पार्टी से कमजोर नहीं हैं. कम से कम एमएलसी की एक सीट हमें मिलनी चाहिए. इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि वे केंद्र के मंत्रियों से भी मुलाकात करेंगे. ऐसे में जीतन राम मांझी की इस डिमांड पर एनडीए की ओर से क्या फैसला लिया जाता है, यह देखने वाली बात होगी.

चुनाव में सबसे अधिक जदयू कोटे की पांच सीटें

विधान परिषद की जिन 10 सीटों का कार्यकाल जून में समाप्त हो रहा है, उनमें सबसे अधिक पांच सीटें जदयू कोटे की हैं. भाजपा और राजद के दो-दो सदस्य रिटायर हो रहे हैं. राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि एनडीए कोटे से दो मंत्रियों का विधान परिषद पहुंचना लगभग तय माना जा रहा है. इनमें स्वास्थ्य मंत्री निशांत और पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश का नाम है.

भाजपा कोटे से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और संजय प्रकाश की सीटों का कार्यकाल भी 28 जून को समाप्त हो रहा है. लेकिन भाजपा अभी यह तय नहीं कर पाई है कि इन सीटों पर किन चेहरों को मौका दिया जाएगा. जदयू की जिन सीटों पर चुनाव होना है, उनमें कुमुद वर्मा, गुलाम गौस, भीष्म सहनी और श्रीभगवान सिंह कुशवाहा के इस्तीफे से रिक्त सीटें शामिल हैं. इसके अलावा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इस्तीफे से खाली हुई सीट पर भी उपचुनाव कराया जाना है.

ये है चुनाव का शेड्यूल

पहली जून से आठ जून तक नामांकन होगा. नौ जून को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी. 11 जून तक नाम वापसी का समय है. दस नामांकन होने की स्थिति में 11 जून को नाम वापसी की समय खत्म हो जाने के बाद निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा कर दी जाएगी.

दस से अधिक नामांकन की स्थिति में 18 जून को मतदान कराया जाएगा. विधानसभा कोटे की इन दस सीटों के लिए 18 जून को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक वोट डाला जाएगा. शाम चार बजे के बाद मतों की गिनती होगी और परिणाम जारी होगा.

सम्राट चौधरी से मांझी से क्या हुई बात?

इसके साथ ही मीडिया से जीतन राम मांझी ने सीएम सम्राट चौधरी से मुलाकात के बारे में बताया कि दोनों के बीच सकारात्मक बातचीत हुई. फल्गु नदी में पानी कम हो गया है, इस पर चर्चा की गई. इसके साथ ही राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के गठन को लेकर डिमांड भी सीएम सम्राट चौधरी से की गई.

Also Read: पटना में 25 प्रतिशत तक महंगा होगा ऑटो, बस और मालवाहक गाड़ियों का भाड़ा, बिहार सरकार लेगी अंतिम फैसला

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Preeti dayal

डिजिटल जर्नलिज्म में 3 साल का अनुभव. डिजिटल मीडिया से जुड़े टूल्स और टेकनिक को सीखने की लगन है. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं. बिहार की राजनीति और देश-दुनिया की घटनाओं में रुचि रखती हूं.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >