Bisfi News: बिस्फी प्रखंड क्षेत्र की रघौली पंचायत के मरवा गांव में पारिवारिक विवाद के बीच एक युवक की फंदे से लटकने से मौत हो गई. घटना गुरुवार देर शाम की बताई जा रही है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.
सास-बहू के विवाद के बाद उठाया आत्मघाती कदम
मृतक की पहचान निर्मल शाह के 40 वर्षीय पुत्र राम प्रकाश शाह के रूप में हुई है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घर में किसी बात को लेकर सास और बहू के बीच विवाद हुआ था. बताया जा रहा है कि इस पारिवारिक तनाव से आहत होकर राम प्रकाश शाह ने घर में ही फंदे से लटककर जान दे दी.
पत्नी की नजर पड़ते ही मच गया कोहराम
काफी देर बाद जब उनकी पत्नी घर के अंदर गईं तो उन्हें फंदे से लटका देखा. इसके बाद उन्होंने शोर मचाया, जिससे परिजन और आसपास के लोग मौके पर जुट गए. घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई.
एफएसएल टीम करेगी जांच
सूचना मिलते ही बिस्फी थानाध्यक्ष अविनाश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मधुबनी भेज दिया.
थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की जांच एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) टीम से कराई जा रही है. जांच रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
मृतक अपने पीछे एक पुत्र और एक पुत्री छोड़ गए हैं.
