Madhubani News : नाबालिग छात्रा का पीछा करने वाला युवक हथियार सहित धराया

पुलिस ने थाना क्षेत्र में नाबालिग छात्रा का लगातार पीछा कर उसे परेशान करने वाले एक युवक को हथियार के साथ रंगेहाथ पकड़ लिया गया.

लखनौर / झंझारपुर.

पुलिस ने थाना क्षेत्र में नाबालिग छात्रा का लगातार पीछा कर उसे परेशान करने वाले एक युवक को हथियार के साथ रंगेहाथ पकड़ लिया गया. छात्रा के परिजनों ने साहस दिखाते हुए आरोपी युवक को दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया. पीड़िता के पिता के आवेदन पर पुलिस ने आर्म्स एक्ट समेत अन्य गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया.

क्या है पूरा घटनाक्रम

नगर परिषद वार्ड संख्या-05 के एक व्यक्ति ने झंझारपुर थाना में दिए आवेदन में बताया कि सकरी थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या-09 निवासी सुभाष कुमार (20) उनकी दसवीं कक्षा में पढ़ने वाली नाबालिग पुत्री का करीब दो वर्षों से पीछा कर रहा था. आरोप है कि युवक शादी की नीयत से छात्रा को लगातार परेशान कर रहा था और अपहरण की फिराक में था.परिजनों द्वारा युवक और उसके परिवार को कई बार समझाया गया, लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया. शनिवार को जब छात्रा कोचिंग पढ़ने गई थी, उसी दौरान आरोपी युवक वहां पहुंच गया. इसकी सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और युवक को पकड़ लिया. तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी रिवॉल्वर, छह जिंदा कारतूस, एक मोटरसाइकिल तथा एक मोबाइल फोन बरामद किया गया. इसके बाद आरोपी को झंझारपुर थाना लाकर पुलिस के सुपूर्द कर दिया गया. गिरफ्तार युवक की पहचान सुभाष कुमार, पिता जयकांत भगत, थाना नेहरा, जिला दरभंगा के रूप में हुई है. थानाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ने कहा कि मामले में अपहरण के प्रयास और आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: GAJENDRA KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >