Ghoghardiha News: घोघरडीहा प्रखंड क्षेत्र के उत्क्रमित मध्य विद्यालय, बथनाहा के एक छात्र की गुरुवार को विद्यालय परिसर से सटे तालाब में डूबने से मौत हो गई. मृतक की पहचान बथनाहा निवासी सुरेंद्र मंडल के 10 वर्षीय पुत्र एवं विद्यालय की पांचवीं कक्षा के छात्र रिशव कुमार के रूप में हुई है. घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने उसी परिसर में संचालित प्लस टू विद्यालय के शिक्षकों को कक्षा में रोक लिया. सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर शिक्षकों को सुरक्षित बाहर निकाला.
विद्यालय की छुट्टी के बाद तालाब की ओर चला गया छात्र
प्राप्त जानकारी के अनुसार उत्क्रमित मध्य विद्यालय, बथनाहा का संचालन सुबह 6:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक होता है. बताया जाता है कि विद्यालय की छुट्टी के बाद छात्र किसी तरह विद्यालय से सटे तालाब की ओर चला गया और गहरे पानी में डूब गया. हालांकि घटना को किसी ने प्रत्यक्ष रूप से होते नहीं देखा है. आसपास के लोगों की ओर से अलग-अलग बातें कही जा रही हैं, इसलिए घटना के क्रम की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है.
तलाश के दौरान तालाब में मिला शव
परिजनों ने दोपहर करीब डेढ़ से दो बजे के बीच बच्चे की तलाश शुरू की. इसी दौरान कुछ ग्रामीणों की नजर तालाब में तैर रहे शव पर पड़ी. ग्रामीणों ने तत्काल बच्चे को बाहर निकालकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, घोघरडीहा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
घटना के बाद शिक्षकों को कक्षा में रोका
छात्र की मौत की खबर फैलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया. इसी परिसर में संचालित प्लस टू विद्यालय के शिक्षकों को आक्रोशित लोगों ने कक्षा में रोक लिया. सूचना मिलने पर फुलपरास थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शिक्षकों को सुरक्षित बाहर निकाला.
प्रशासन ने सहायता का दिया आश्वासन
घटना की सूचना पर अंचल अधिकारी शशांक सौरव भी मौके पर पहुंचे. उन्होंने शोकाकुल परिजनों को सांत्वना दी, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया तथा प्रशासन की ओर से नियमानुसार सरकारी सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया.
स्थिति सामान्य कराने में राम नरेश कामत, अशोक मंडल, प्रमोद मंडल, राम बाबू कामत, रामयश यादव सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों ने सहयोग किया.
पुलिस ने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है. इधर, मासूम बेटे की मौत से परिवार में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
