Madhubani News : मादक पदार्थों का कारोबार करने वाली राधा देवी धरायी

नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाली कुख्यात राधा देवी उर्फ भाभी जी को मधुबनी से गिरफ्तार कर लिया गया है.

मधुबनी.

नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाली कुख्यात राधा देवी उर्फ भाभी जी को मधुबनी से गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस सूत्रों के अनुसार नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो पटना की टीम ने मधुबनी पुलिस के सहयोग से यह कार्रवाई की है. गिरफ्तार करने के बाद भाभी जी को विशेष सुरक्षा में पटना लाया गया. बता दें कि राधा देवी का पति गुड्डू कुमार को पहले ही एनसीबी ने पकड़ लिया था. पटना के गर्दनीबाग थाना और पाटलिपुत्र पुलिस स्टेशन समेत कई थानों में भाभी जी के खिलाफ केस दर्ज हैं. जानकारी के अनुसार, वित्तीय जांच में एनसीबी ने दंपति की अर्जित 2 करोड़ से अधिक अवैध संपत्ति भी जब्त की है.

राधा देवी की गिरफ्तारी को एनसीबी की टीम बड़ी कामयाबी मान रही है. दरअसल, खास बात यह कि बहुत कम मामलों में महिलाएं मुख्य ड्रग्स ऑपरेटर के रूप में सामने आती हैं, ऐसे में भाभी जी की पहचान महिला माफिया के रूप में थी. भाभी जी ने बिहार से लेकर यूपी तक बड़े नेटवर्क बना रखे थे और हाई-प्रोफाइल तस्करों से संपर्क होने की बात सामने आई है. इतना ही नहीं यह इतनी शातिर थी कि दो साल तक पहचान बदल-बदल कर फरार रहने में सफल रही. वेष बदलकर छुपने में भी भाभी जी माहिर रही हैं. बता दें कि राधा देवी उर्फ भाभी जी को एनसीबी साल 2021 से ढूंढ़ रही थी. मादक पदार्थों की तस्करी करने वाली भाभी जी उर्फ राधा देवी को गिरफ्तार करने के बाद

नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने चैन की सांस ली है.

भाभी जी के नाम से मशहूर राधा देवी के पति गुड्डू कुमार को पहले से ही एनसीबी ने पकड़ लिया था. यह पहले से दो मामलों में जेल में बंद है. जांच में यह भी सामने आया कि दोनों ने मिलकर 2 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध संपत्ति अर्जित की है, जो संपत्ति एनसीबीने जब्त कर ली है. इन संपत्तियों में फ्लैट, वाहन, नकद और जमीनों के प्लॉट शामिल हैं. इसे पकड़ने के बाद नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने चैन की सांस ली है क्योंकि भाभी जी इतनी शातिराने अंदाज में काम करती थीं कि उसे पकड़ पाना बेहद मुश्किल हो रहा था. एनसीबी के क्षेत्रीय निदेशक अभिषेक आनंद के नेतृत्व में जब सूचना मिली कि राधा देवी मधुबनी में है, तब एक विशेष टीम गठित की गई. टीम ने गुप्त निगरानी की और मधुबनी टाउन थाना पुलिस की मदद ली. इसके बाद सुरक्षित तरीके से उसे गिरफ्तार किया और पटना लाया गया अब उसे न्यायालय के आदेश के बाद जेल भेज दिया गया है. एनसीबी की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि यह गिरफ्तारी ड्रग्स के खिलाफ सतत मुहिम का हिस्सा है. नशे के नेटवर्क में शामिल कोई भी, चाहे महिला हो या पुरुष, बख्शा नहीं जाएगा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: GAJENDRA KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >