फुलपरास: थाना पुलिस ने शराब कारोबार के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए 587 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की है. पुलिस ने मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. कार्रवाई के दौरान दो स्कॉर्पियो, एक अपाचे बाइक और एक ट्रक भी बरामद किया गया है.
थानाध्यक्ष विक्रम आचार्य ने बताया कि शराब तस्करों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम ने स्थानीय लोहिया चौक से संदिग्ध स्थिति में एक व्यक्ति को पकड़कर पूछताछ की. पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि क्षेत्र में शराब उतारी जा रही है और उसे अलग-अलग जगहों पर भेजा जाना है.
पुलिस के अनुसार, पकड़े गये व्यक्ति ने यह भी बताया कि शराब तस्कर सुजीत यादव के कहने पर उसे पुलिस की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए लोहिया चौक पर रखा गया था.
सूचना के बाद NH-27 पर पहुंची पुलिस
पुलिस ने उसकी निशानदेही पर शिवनाथ ढाबा के समीप एनएच-27 पर कार्रवाई शुरू की. इसी दौरान पुलिस ने एक स्कॉर्पियो को स्कॉट करते हुए पकड़ लिया.
पुलिस की गतिविधि को देखते हुए एनएच-27 पर आगे चल रही दूसरी स्कॉर्पियो के चालक ने खोपा चौक के कट से वाहन को घुमाकर भागने का प्रयास किया. इसी दौरान स्कॉर्पियो केला लदे एक पिकअप वैन से टकरा गयी और सड़क पर पलट गयी.
पलटी स्कॉर्पियो से मिली शराब
पुलिस के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो में शराब लदी हुई थी. पुलिस ने मौके से उसमें सवार नीतीश कुमार यादव को पकड़ लिया.
पूछताछ और उसकी निशानदेही के आधार पर पुलिस ने खोपा-अंधराठाढ़ी सड़क पर एक पंजाब नंबर की ट्रक भी बरामद की. पुलिस का कहना है कि इसी ट्रक से शराब की खेप लायी गयी थी.
2 आरोपित न्यायिक हिरासत में भेजे गये
थानाध्यक्ष विक्रम आचार्य ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. गिरफ्तार दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में झंझारपुर जेल भेज दिया गया है.
पुलिस बरामद 587 लीटर अंग्रेजी शराब, दोनों स्कॉर्पियो, अपाचे बाइक और ट्रक के संबंध में आगे की जांच कर रही है. पुलिस शराब की खेप कहां से लायी गयी थी और इसे कहां भेजा जाना था, इसकी भी जांच कर रही है.
