Madhubani News: जिले के लदनियां प्रखंड अंतर्गत महुलिया-तेनुआही से महुलिया जाने वाली महत्वपूर्ण सड़क की स्थिति कुमरखत के समीप अत्यंत भयावह और चिंताजनक हो गई है. यहाँ कुमरखत स्थित ऐतिहासिक तालाब के भिंडा से होकर गुजर रही पीसीसी (PCC) सड़क 'हवा में लटकी' नजर आ रही है. तालाब के पानी के लगातार कटाव के कारण सड़क के नीचे की पूरी मिट्टी कटकर बह गई है, जिससे सड़क का काफी हिस्सा हवा में तैर रहा है.
मिट्टी नदारद, कभी भी धंस सकती है पीसीसी सड़क
आलम यह है कि सड़क के नीचे के काफी बड़े हिस्से से मिट्टी पूरी तरह गायब हो चुकी है, जिसके परिणामस्वरूप पीसीसी सड़क हवा में लटकी नजर आ रही है.
सड़क की नींव पूरी तरह कमजोर हो गई है, जिससे सड़क का कोई भी हिस्सा कभी भी धंस सकता है. स्थानीय लोगों के अनुसार, यदि समय रहते इस पर ध्यान नहीं दिया गया, तो एक बड़ा हादसा टालना मुश्किल होगा.
वाहनों का चलना जोखिम भरा, गंभीर हादसे की आशंका
इस मार्ग से गुजरने वाले दोपहिया और चारपहिया वाहनों के साथ गंभीर हादसा होने की आशंका हर पल बनी हुई है.
पीसीसी सड़क हवा में लटकी होने के बावजूद ग्रामीण विवश होकर इस खतरनाक रास्ते का इस्तेमाल कर रहे हैं. ग्रामीणों ने बताया कि समय रहते यदि सड़क के नीचे मिट्टी भराई एवं मजबूत सुरक्षा कार्य (पिचिंग) नहीं कराया गया, तो स्थिति और भयावह हो सकती है और महुलिया गाँव का संपर्क टूट सकता है.
ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल मरम्मत की मांग की
स्थानीय ग्रामीणों ने संबंधित विभाग, स्थानीय विधायक और प्रशासन से तत्काल स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कार्य कराने की पुरजोर मांग की है.
ग्रामीणों ने कहा कि मानसून के दौरान तालाब का जलस्तर बढ़ने से कटाव और तेज हो सकता है, जिससे सड़क पूरी तरह ध्वस्त हो सकती है. उन्होंने जिला प्रशासन से अविलंब संज्ञान लेने का आग्रह किया है.
