Madhubani News: प्रखंड कार्यालय के सभागार में गुरुवार को बीडीओ बसंत कुमार सिंह की अध्यक्षता में नवपदस्थापित पंचायत सचिवों की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई. बैठक में पंचायत स्तर पर संचालित विकास योजनाओं, प्रशासनिक कार्यों और सरकारी कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई.
Bisfi News: पंचायत सचिवों को दिए जरूरी निर्देश
बीडीओ बसंत कुमार सिंह ने कहा कि पंचायत सचिव सरकार और आम जनता के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं. इसलिए सभी सचिव पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें. उन्होंने कहा कि पात्र लाभुकों तक समय पर सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्राथमिकता होनी चाहिए.
लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन पर जोर
बैठक में पंचायत कार्यालयों में नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने, अभिलेखों का समुचित संधारण, विकास योजनाओं की नियमित समीक्षा तथा लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया गया. साथ ही जन्म-मृत्यु निबंधन, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छता अभियान और अन्य विकास योजनाओं में तेजी लाने पर बल दिया गया.
लापरवाही मिलने पर होगी कार्रवाई
बीडीओ ने स्पष्ट कहा कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिकायत मिलने पर संबंधित पंचायत सचिवों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने सभी अधिकारियों से आपसी समन्वय बनाकर कार्य करने तथा आम लोगों की समस्याओं का समय पर समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
पंचायत सचिवों ने रखीं अपनी समस्याएं
बैठक के दौरान पंचायत सचिवों ने अपने-अपने कार्यक्षेत्र से जुड़ी समस्याओं और आवश्यकताओं से प्रशासन को अवगत कराया. मौके पर प्रखंड कार्यालय के प्रधान लिपिक सूजित साफी सहित कई कर्मचारी उपस्थित रहे.
यह भी पढ़ें:एसएसबी ने टेम्पो से भारी मात्रा में नेपाली शराब बरामद की, महिला समेत दो तस्कर गिरफ्तार
