Madhubani News : तीन दिन से लापता व्यवसायी का नहीं मिला सुराग

वसूली के लिये अपनी दुकान से बीते 24 मार्च की रात से लापता हुए बेनीपट्टी विद्यापति चौक के किराना व्यवसायी दिलीप कुमार साह का तीन दिनों के बाद भी सुराग नहीं मिला.

बेनीपट्टी. वसूली के लिये अपनी दुकान से बीते 24 मार्च की रात से लापता हुए बेनीपट्टी विद्यापति चौक के किराना व्यवसायी दिलीप कुमार साह का तीन दिनों के बाद भी सुराग नहीं मिला, हालांकि पुलिस लगातार खोजबीन में जुटी है और हर संभावित इलाकों में तलाश कर रही है. बुधवार को भी बेनीपट्टी थानाध्यक्ष शिव शरण साह की मौजूदगी में एसडीआरएफ की टीम सौलीघाट स्थित धौंस नदी में उतरकर लापता हुए किराना व्यवसायी की खोज में जुटी रही और घंटों तक काफी दूरी में तलाश करती रही. इसके अलावे पुलिस सहित परिजन भी क्षेत्र के विभिन्न गांवों व टोलों में जाकर खोजबीन करने में जुटे हैं. बताते चलें कि बीते 24 मई को रात करीब 9 बजे से गायब हुए किराना व्यवसायी की बाइक सहित पास में रहे अन्य सामान सौलीघाट स्थित धौंस नदी के पुल से दक्षिण जमींदारी बांध के करीब दो सौ मीटर दूरी पर फेंका पड़ा मिला था. इसके बाद से इलाके में सनसनी फैल गई है और तरह-तरह के कयास लगाये जाने का सिलसिला जारी है. वहीं लापता किराना व्यवसायी के पुत्र रोमन कुमार ने बेनीपट्टी थाना में लिखित आवेदन देकर अज्ञात अपराधकर्मी पर हत्या करने के उद्देश्य से उनके पिता का अपहरण कर लिये जाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज करायी है. दर्ज प्राथमिकी में वादी ने उल्लेख किया है कि बीते 24 मार्च की शाम उनके पिता अपनी किराना की दुकान से तकादा में जाने की बात कहकर बाइक से निकले थे. उसके बाद उसी रात करीब 8.55 बजे उनकी बातचीत मोबाइल पर चालक पंकज राय से हुई थी. उसके बाद से उनका मोबाइल स्विच ऑफ बताया जाने लगा और वे अपने घर भी वापस नहीं लौटे. वहीं, एसडीपीओ निशिकांत भारती के नेतृत्व में थानाध्यक्ष व्यवसायी की बाइक और अन्य सामान बरामदगी स्थल के पास डॉग स्क्वायड, एफएसएल व टेक्निकल सेल की टीम से जांच कराकर इस बहुचर्चित मामले का खुलासा करने में जुटे हैं.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: GAJENDRA KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >