झंझारपुर में भीषण सड़क हादसा, ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को कुचला

मधुबनी के झंझारपुर के पास NH-27 पर भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो दोस्तों की जान चली गई। दोनों एक लापता परिजन की तलाश में आए थे।

Madhubani News: झंझारपुर थाना क्षेत्र के कन्हौली के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर शुक्रवार दोपहर हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो दोस्तों की मौत हो गई. एक युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे की इलाज के दौरान मौत हो गई. दोनों एक लापता परिजन की तलाश में झंझारपुर आए थे.

Jhanjharpur News: तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर

मृतकों की पहचान हरलाखी थाना क्षेत्र के सोढ़ी गांव निवासी 35 वर्षीय जयकिशन शाह और सुपौल जिले के मरौना थाना क्षेत्र के रसुआर गांव निवासी 26 वर्षीय चंद्रशेखर शाह के रूप में हुई है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों युवक बाइक से एनएच-27 पर चढ़ रहे थे, तभी पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी. हादसा इतना भीषण था कि जयकिशन शाह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चंद्रशेखर शाह गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें अनुमंडलीय अस्पताल से डीएमसीएच, दरभंगा रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई.

लापता परिजन की तलाश में आए थे दोनों दोस्त

परिजनों ने बताया कि चंद्रशेखर शाह के पिता राजदेव शाह कुछ दिन पहले दरभंगा में इलाज के दौरान लापता हो गए थे. सूचना मिली थी कि उन्हें झंझारपुर-तमुरिया क्षेत्र में देखा गया है. इसी सूचना पर चंद्रशेखर अपने मित्र जयकिशन शाह के साथ उनकी तलाश में झंझारपुर आए थे. तलाश के दौरान ही दोनों सड़क हादसे का शिकार हो गए. मृतक के मोबाइल पर आए कॉल से परिजनों को हादसे की जानकारी मिली.

ट्रक जब्त, चालक फरार

सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने ट्रक को जब्त कर पास के पेट्रोल पंप में सुरक्षित रखवा दिया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. काफी मशक्कत के बाद ट्रक के नीचे फंसी बाइक को निकाला गया. हादसे के कारण कुछ देर तक एनएच-27 पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कराया गया. पुलिस के अनुसार ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया है. वाहन मालिक को सूचना दे दी गई है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

यह भी पढ़ें: डेंगू रोकथाम को विभागीय एक्शन प्लान तैयार, शहर में नगर निगम और गांव में स्वास्थ्य विभाग करेगा फॉगिंग


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

संजय कुमार प्रिंट माध्यम में 15 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. चौसा (मधेपुरा) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >