Madhubani News: झंझारपुर अनुमंडल के उत्क्रमित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, अररिया संग्राम में जल्द ही राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) यूनिट की स्थापना की जाएगी. इसकी तैयारियों का जायजा लेने के लिए कर्नल कुशमाकर झा के नेतृत्व में तीन सदस्यीय अधिकारियों की टीम विद्यालय पहुंची और उपलब्ध संसाधनों का निरीक्षण किया.
अधिकारियों ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विद्यालय की तैयारियों की समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. टीम ने जल्द ही एनसीसी यूनिट की स्थापना कर छात्रों के चयन की प्रक्रिया शुरू करने का आश्वासन दिया.
एक वर्ष में बदली विद्यालय की तस्वीर
विद्यालय के प्रधानाध्यापक डॉ. अमित कुमार पाण्डेय ने बताया कि पिछले एक वर्ष में विद्यालय की स्थिति में उल्लेखनीय सुधार हुआ है. उन्होंने कहा कि पहले जहां नियमित रूप से 50 छात्र भी विद्यालय नहीं आते थे, वहीं अब प्रतिदिन करीब 400 छात्र उपस्थित हो रहे हैं.
उन्होंने बताया कि विद्यालय को एनसीसी यूनिट की स्वीकृति मिल चुकी है. निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विद्यालय के भौतिक संसाधनों और छात्र संख्या का भी आकलन किया.
छात्रों में बढ़ेगा अनुशासन और नेतृत्व क्षमता
विद्यालय प्रशासन के अनुसार एनसीसी यूनिट शुरू होने से छात्रों में अनुशासन, देशभक्ति, नेतृत्व क्षमता और शारीरिक दक्षता का विकास होगा. इससे विद्यार्थियों को रक्षा सेवाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर अवसर भी मिलेंगे.
विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष बैजू झा, स्थानीय ग्रामीण, पूर्व जिला पार्षद सुनील कुमार जीवराजिका तथा अभिभावकों ने विद्यालय में हुए बदलावों की सराहना की. उन्होंने कहा कि ईमानदार और कुशल नेतृत्व के कारण विद्यालय आज एक आदर्श शिक्षण संस्थान के रूप में उभर रहा है.
यह भी पढ़ें: पीजी मैथिली विभाग में एक अगस्त से प्रो. अशोक कुमार मेहता संभालेंगे विभागाध्यक्ष की जिम्मेदारी
