Rajnagar News: सावन माह की तीसरी सोमवारी और नागपंचमी एक साथ पड़ने के दुर्लभ संयोग पर सोमवार को राजनगर प्रखंड क्षेत्र में श्रद्धालुओं ने उत्साह के साथ पूजा-अर्चना की. इस अवसर पर शिव मंदिरों के साथ विषहर की भी पूजा की गयी. सुबह से ही विभिन्न शिवालयों में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही.
शिवालयों में श्रद्धालुओं ने की पूजा-अर्चना
राजनगर प्रखंड के सिमरी भूतनाथ महादेव स्थान, राज पैलेस स्थित महादेव मंदिर, मंगरौनी के एकादश रुद्र मंदिर सहित विभिन्न शिवालयों में श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की पूजा-अर्चना की.
तीसरी सोमवारी और नागपंचमी के संयोग को लेकर भक्तों में विशेष उत्साह देखने को मिला. श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से भगवान शिव का पूजन कर सुख-समृद्धि और परिवार की मंगलकामना की.
पिपराघाट से जल लेकर पहुंचे कांवरिये
पिपराघाट स्थित कमला, बलान और सोनी नदी के संगम स्थल से श्रद्धालुओं ने जल भरा. इसके बाद कांवर यात्रा करते हुए भूतनाथ महादेव स्थान पहुंचे.
कांवरियों ने मंदिर में पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया. इस दौरान धार्मिक जयकारों से माहौल भक्तिमय बना रहा.
विषहर की भी हुई पूजा
नागपंचमी के अवसर पर शिव मंदिरों के साथ विषहर की भी पूजा की गयी. ग्रामीण क्षेत्रों में श्रद्धालुओं ने परंपरागत तरीके से नाग देवता की आराधना कर परिवार की सुख-शांति और सुरक्षा की कामना की.
