Mithila Haat Dali Sajja Competition: झंझारपुर स्थित प्रसिद्ध मिथिला हाट में आयोजित 12 दिवसीय डाली सज्जा प्रतियोगिता अब पूरे रंग में नजर आने लगी है. शुक्रवार को प्रतियोगिता के पांचवें दिन 21 नवविवाहिताओं ने भाग लेकर अपनी पारंपरिक कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया. प्रतिभागियों की बढ़ती संख्या से आयोजन में उत्साह का माहौल देखने को मिला.
प्रतिभागियों ने दिखाई पारंपरिक कला
प्रतियोगिता में आंचल झा, संजना मिश्रा, रक्षा झा, शिवानी कुमारी, प्रिया ठाकुर, चंदा झा, कामिनी झा, मुस्कान झा, दुर्गा झा, चांदनी झा, अंजनी झा, रूपम झा, साक्षी झा, स्वाती मिश्रा, याचना, हर्षिता कर्ण, श्वेता किरण, नैना मिश्रा, ज्योति झा, श्रुति दास और जुली झा ने आकर्षक ढंग से डाली सजाकर मिथिला की सांस्कृतिक परंपरा को जीवंत किया.
अंजलि झा रहीं प्रथम
प्रतिभागियों की उत्कृष्ट प्रस्तुति के कारण निर्णायकों को विजेता चुनने में काफी मशक्कत करनी पड़ी. अंततः गोधनपुर निवासी अंजलि झा को प्रथम स्थान दिया गया.
आयोजन समिति की अंबे मिश्रा, कल्याणी झा, आशा झा, विनीता गिरी, नंदिनी सिंह और सीमा देवी ने अंजलि झा को गिफ्ट हैम्पर और विजेता प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया. प्रतियोगिता में शामिल सभी प्रतिभागियों को भी प्रमाणपत्र प्रदान किए गए.
हर दिन बढ़ रही प्रतिभागियों की संख्या
आयोजन समिति के अनुसार प्रतियोगिता में प्रतिभागियों की संख्या लगातार बढ़ रही है.
- 3 अगस्त: 2 प्रतिभागी, विजेता – नेहा ठाकुर (अररिया संग्राम)
- 4 अगस्त: 3 प्रतिभागी, विजेता – बबली झा (अंधराठाढ़ी)
- 5 अगस्त: 5 प्रतिभागी, विजेता – गायत्री झा (अलपुरा)
- 6 अगस्त: 12 प्रतिभागी, विजेता – शिवानी झा (रामखेतरी)
- 7 अगस्त: 21 प्रतिभागी, विजेता – अंजलि झा (गोधनपुर)
मिथिला संस्कृति के संरक्षण का माध्यम बना आयोजन
आयोजन समिति ने कहा कि नवविवाहिताओं की लगातार बढ़ती भागीदारी इस बात का संकेत है कि प्रतियोगिता को व्यापक समर्थन मिल रहा है. इस तरह के आयोजन नई पीढ़ी को मिथिला की पारंपरिक संस्कृति, लोककला और रीति-रिवाजों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं.
